द होराइजन स्कूल, त्रिकालपुर-गढ़वार, बलिया में कारगिल विजय दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
बलिया - द होराइजन स्कूल,त्रिकालपुर-गढ़वार,बलिया में आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रातःकालीन विशेष सभा (स्पेशल असेंबली) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस,शौर्य और बलिदान को जीवंत रूप से मंचित किया।
नाटक में विद्यार्थियों ने सीमा पर तैनात भारतीय जवानों के पराक्रम और देशभक्ति का ऐसा सजीव प्रदर्शन किया कि उपस्थित सभी दर्शकों को ऐसा प्रतीत हुआ मानो वास्तविक युद्ध का दृश्य उनकी आँखों के सामने साकार हो उठा हो। इस शानदार प्रस्तुति का निर्देशन विद्यालय के डांस टीचर श्री राहुल खरवार ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कारगिल विजय दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करते हैं। उन्हीं के त्याग, साहस और समर्पण के कारण हम सभी अपने घरों में सुरक्षित और निश्चिंत जीवन व्यतीत कर पाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने कारगिल युद्ध के सभी वीर शहीदों एवं सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
रिपोर्टर - आनंद दुबे
No Previous Comments found.