जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण एवं भूमिपूजन समारोह में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री
बालोद - प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि साहू समाज अपने मेहनत, साधना एवं त्याग-तपस्या के कारण प्रत्येक क्षेत्रों में अग्रणी मेहनतकश एवं सम्मानीय समाज है। उन्होंने कहा कि साहू समाज के लोग अपने इस विशिष्ट उपलब्धियों एवं उच्च स्तरीय मानवीय गुणों के कारण प्रत्येक क्षेत्रों में सम्मान अर्जित कर रहे हैं। श्री साव जिला मुख्यालय बालोद के दल्लीरोड स्थित साहू सदन में आज आयोजित जिला साहू संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। श्री साव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डाॅ. निरेन्द्र साहू ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू एवं श्रीमती रमशीला साहू, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री दीपक ताराचंद साहू सहित राज्य दुग्ध महासंघ के पूर्व अध्यक्ष श्री विपिन साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा के अध्यक्ष श्री तोरण साहू के अलावा पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू, श्री वीरेन्द्र साहू, डाॅ. दया राम साहू, श्री टहल सिंह साहू, श्री पवन साहू, जिला साहू संघ के अध्यक्ष श्री महेन्द्र साहू एवं अन्य सामाजिक प्रतिनिधि तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव एवं अतिथियों के द्वारा जिला साहू सदन में साहू समाज द्वारा निर्मित किए जा रहे दानवीर भामाशाह छात्रावास भवन के निर्माण हेतु भूमिपूजन भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने सामाजिक संगठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सामाजिक संगठन से जोड़कर समाज के लोगों को उनके सुख, दुख में सहभागी बनने की अपील की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने जिला मुख्यालय बालोद स्थित जिला साहू सदन में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 25 लाख रूपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डाॅ. निरेन्द्र साहू ने जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री साव ने जिला साहू समाज के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि समाज में कोई व्यक्ति छोटा एवं बड़ा नही होता अपितु समाज में प्रत्येक व्यक्ति बराबर होता है। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक संगठनों के महत्व एवं उद्देश्यों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक प्रतिनिधियों को समाज क प्रत्येक व्यक्तियों का सर्वे कर साहू समाज के सभी व्यक्तियों को अनिवार्य रूप से समाज से जोड़ने को कहा। श्री साव ने पूरे राज्य में निर्मित किए गए साहू समाज के सामाजिक भवनों के उपयोगिता के संबंध में जानकारी लेते हुए इसका उपयोग रचनात्मक कार्यों के लिए करने की भी समझाईश दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक भवनों में रोजगारमूलक गतिविधियां एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े युवा-युवतियों तथा विद्यार्थियों के लिए कोचिंग कक्षाओं का संचालन जैसे रचनात्मक कार्यों के लिए की जानी चाहिए। श्री साव ने साहू समाज के चिकित्सकों को सामाजिक भवनों में उपस्थित होकर समाज के बीमार एवं जरूरतमंद लोगों को सेवा देने को कहा। उन्होंने साहू समाज को राज्य का सबसे बड़ा समाज बताते हुए समाज के लोगों को साहू समाज को सबसे उत्कृष्ट समाज बनाने की दिशा में कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डाॅ. निरेन्द्र साहू ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना देते हुए उनके कार्यों एवं दायित्वों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए उन्हें अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज में नया मिशाल स्थापित करने को कहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू एवं श्री ताम्रध्वज साहू, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री दीपक ताराचंद साहू, राज्य दुग्ध महासंघ के पूर्व अध्यक्ष श्री विपिन साहू सहित अन्य अतिथियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि भक्तमाता कर्मा के आशीर्वाद एवं समाज के लोगों के सहयोग से जिला साहू संघ बालोद के सभी नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारीगण अपने उत्कृष्ट कार्यों से साहू समाज के विकास में बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष श्री महेन्द्र साहू ने समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा एवं समाज के सर्वांगीण विकास हेतु जिला साहू संघ के निर्धारित कार्य योजना के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज प्रमुखों एवं स्वजातिजनों का सम्मान भी किया गया।
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.