जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को सुविधा प्रदान करने गन्ना हार्वेस्टर मशीन का किया गया लोकार्पण

बालोद - जिला खनिज न्यास बालोद के वित्तीय सहयोग से दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित बालोद द्वारा ग्राम तमोरा में अत्याधुनिक गन्ना हार्वेस्टर मशीन का विधिवत लोकार्पण संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, पूर्व नगर पालिका परिषद बालोद के अध्यक्ष श्री राकेश यादव, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख उपस्थित थे। दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित बालोद के प्रबंध संचालक श्री पीआर राठिया ने बताया कि यह ऐसी हार्वेस्टर मशीन है जो विशेष रूप से गन्ना किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई है। यह मशीन गन्ना कटाई के साथ ही छिलाई का कार्य भी करता है। वर्तमान में गन्ना कटाई एवं छिलाई में कृषकों को अधिक समय व मजदूरी लगता है। मशीन के उपयोग से 80 से 100 टन (लगभग 2.50 एकड़) गन्ना की कटाई व छिलाई एक ही दिन में हो पायेगा। कटाई के साथ ही मशीन से इनफील्डर के माध्यम से सीधे ट्रेक्टर या अन्य वाहन में भरकर परिवहन किया जाएगा। गन्ने की समान रूप से कटाई होने से आगामी गन्ना फसल के लिए कृषकों को रेटुन (ठुठ) का पृथक से प्रबंधन नही करना पड़ेगा। कृषकों के कटाई, छिलाई, भराई व रेटुन गन्ना के प्रबंधन के व्यय भार कम होने से गन्ना खेती में अधिक बचत व लाभ होगा। गन्ना हार्वेस्टर मशीन का लोकार्पण पश्चात् अतिथियों एवं कृषकों के समक्ष ग्राम तमोरा के 10 एकड़ के गन्ना फसल को मशीन से कटाई, छिलाई एवं भराई कर हार्वेस्टर मशीन के संचालन का प्रदर्शन भी किया गया। 
 
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.