सभी वर्गों के लोगों ने की छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत की गए बजट की सराहना

बालोद - छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत की गई वर्ष 2026-27 के बजट को बालोद जिले के सभी वर्गों के लोगों ने राज्य को ऊँचाइयों की ओर ले जाने वाली सर्व समावेशी बजट बताते हुए इस बजट की मुक्तकंठ से सराहना की है। राज्य के वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चैधरी द्वारा आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत किए गए बजट पर बालोद जिलेवासियों ने अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए प्रशंसा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं, बेरोजगारों, शासकीय सेवकों, आदिवासियों सहित सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए बेहतरीन बजट पेश किया गया है। उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री श्री ओपी चैधरी के द्वारा जिले में स्टेडियम निर्माण, बालोद-राजनांदगांव से अंतागढ़ मार्ग निर्माण तथा ड्राइविंग लाईसेंस प्रक्रिया को तकनीकी आधारित बनाने हेतु जिलेें में आॅटोमेटेड ड्राईविंग टेस्ट ट्रेक की स्थापना, सेन समाज भवन, सायबर थाना की सौगात दिया गया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री श्री ओपी चैधरी द्वारा पेश किए गए राज्य सरकार की बजट की सराहना जिले के किसानों, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं सहित मेहनत मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले ग्रामीण महिलाओं ने भी की है। आज प्रस्तुत किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम झलमला की घरेलु महिला श्रीमती दीपा साहू, ग्राम चिराईगोड़ी निवासी श्रीमती कलाबाई साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज प्रस्तुत किए गए बजट के माध्यम से पूरे प्रदेश में कुल 75 करोड़ रूपये की लागत से 250 महतारी सदन के निर्माण के अलावा प्रदेश की आंगनबाड़ियों के संचालन हेतु 800 करोड़, पूरक पोषण आहार योजना हेतु 650 करोड़, पोषण अभियान एवं कुपोषण मुक्ति योजनाओं हेतु 235 करोड़ रूपये की राशि के प्रावधान को राज्य के महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इसी तरह ग्राम झलमला के कृषक श्री थानसिंह ठाकुर, श्री कल्याण साहू एवं श्री गुहाराम ने फसल विविधिकरण को प्रोत्साहित करने हेतु दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसे फसलों को कृषक उन्नति योजना में शामिल कर इस योजना के लिए 10 हजार करोड़ रूपये का प्रावधान को किसान हितैषी एवं अत्यंत सराहनीय बताया है। जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम सिवनी निवासी मत्स्य पालक कृषक श्री पुरूषोत्तम निषाद ने आज प्रस्तुत किए गए बजट में प्रधानमंत्री मत्स्य पालन योजना अंतर्गत 200 करोड़ रूपये की राशि का प्रावधान भूरी-भूरी सराहना की है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश में मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ हमारे किसान भाई खेती किसानी के साथ-साथ मछली पालन के व्यवसाय को अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।  छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा आज प्रस्तुत किए गए बजट के माध्यम से आदर्श समृद्धि शहर योजना के लिए 200 करोड़ रूपये के प्रावधान की भी नगरीय क्षेत्रों के लोगों ने प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों के विकास हेतु एक क्रांतिकारी योजना बताते हुए मुक्तकंठ से सराहना की है। जिला मुख्यालय बालोद निवासी श्री दीपक लोढ़ा ने कहा कि यह योजना नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में बुनियादी अधोसंरचना, नागरिक सेवाओं एवं स्वच्छता इत्यादि में स्वच्छता इत्यादि की सुधार की दिशा में अत्यंत निर्णायक होगा। इसी तरह राज्य सरकार के बजट में लखपति दीदी भ्रमण योजना के तहत 05 करोड़ रूपये की राशि के प्रावधान को भी जिले के महिलाओं ने राज्य के महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। इस योजना की सराहना करते हुए ग्राम तरौद निवासी श्रीमती खिलेश्वरी चंद्राकर ने कहा कि इस योजना के माध्यम से बजट में समुचित राशि के प्रावधान होने से प्रदेश की महिलाएं, लखपति दीदियों एवं सफल उद्यमियों के कार्य प्रणाली तथा उनके सफल माॅडलों का अध्ययन हेतु एक्सपोजर विजिट कर सकेंगे। इसके साथ ही आज राज्य सरकार द्वारा आज प्रस्तुत किए गए बजट के माध्यम से छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना में 05 करोड़ रूपये की राशि के प्रावधान से बालोद जिले के युवाओं में भी सर्वस्व हर्ष व्याप्त है। इसकी सराहना करते हुए बालोद निवासी श्री आशुतोष कौशिक, ग्राम देउरतराई निवासी श्री प्रशांत कुंजाम ने कहा कि इस योजना के माध्यम से समुचित राशि के प्रावधान होने से राज्य के युवाओं एवं स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राज्य के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक केन्द्रों का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं एवं सांस्कृतिक रीति-रिवाजों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसी तरह छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य सुरक्षाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें कर्मचारी कार्ड के जरिए कैसलेस बीमा का लाभ प्रदान करने हेतु 100 करोड़ रूपये राशि के प्रावधान को बालोद जिले के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी कर्मचारी हित में लिए गए अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए सराहना की है। इस योजना की सराहना करते हुए जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ वाहन चालक श्री राजेन्द्र कुंजाम तथा जिला कोषालय अधिकारी में पदस्थ भृत्य श्रीमती निलेश्वरी गुनेन्द्र ने इसे राज्य सरकार द्वारा कर्मचारी हित में लिए गए अत्यंत दूरगामी निर्णय बताया है। जिला मुख्यालय बालोद निवासी श्रीमती मोना टुवानी ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला बताते हुए इसे सर्व हितैषी एवं लोक कल्याणकारी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज प्रस्तुत किए गए बजट के माध्यम से सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा गया है। आज बालोद जिले को सायबर थाना की सौगात मिलने पर बालोद के युवा अभिन्न यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित वित्त मंत्री का आभार जताया है।
 
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.