कलेक्टर ने जल संचय, जन भागीदारी अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक ली

बालोद : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जल संचय, जन भागीदारी अभियान 2.0 की समीक्षा बैठक लेकर जिले में इस अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि सहित अन्य संबंधित सभी विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से जल संचयन के साथ-साथ इसके संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने इस कार्य में जन भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताते हुए इस कार्य में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राज्य कार्यालय रायपुर से उपस्थित विषय विशेषज्ञों के अलावा कार्यपालन अभियंता जल संसाधन, उप संचालक कृषि व पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरीय निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। 
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों से जल संचय, जन भागीदारी अभियान 2.0 के प्रस्तावित कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों द्वारा तालाब एवं कुएं निर्माण के संबंध में प्रस्तुत किए गए प्रस्तावों की स्वीकृति प्रदान करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जल संचय, जन भागीदारी अभियान 2.0 के अंतर्गत निर्माण किए जाने वाले कुएं की सरंचना एक जैसी हो। श्रीमती मिश्रा ने इन कुओं में अवांछनीय पदार्थों के रोकथाम हेतु सभी कुओं में अनिवार्य रूप से जाली लगाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आम जनता को अपने-अपने घरों में अनिवार्य रूप से रैन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने हेतु प्रेरित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने कृषि विभाग के उप संचालक को किसानों को अपने-अपने खेतों में डबरी निर्माण भी प्रेरित करने को कहा। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी से स्कूलों एवं आंगनबाड़ी में रोपे गए कुल पौधों की कुल संख्या एवं उनके सुरक्षा एवं देखरेख हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को रोपे गए सभी पौधों की सुरक्षा एवं देखरेख की समुचित उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। 

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.