समय-सीमा की बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को दिए निर्देश
बालोद : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के प्रत्येक विकासखण्डों में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को उक्ताशय के निर्देश दिए है। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने ग्रीष्म ऋतु के आगमन के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को पेयजल की उलपब्धता सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों के द्वारा की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु के दौरान जिले में पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रंवशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि राज्य शासन के मंशानुरूप जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समुचित निराकरण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए उन्होंने सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर विशेष प्राथमिकता के साथ इसका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान अपने-अपने विभागों के शिविरों में बैनर, फ्लैक्स आदि के माध्यम से शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आम जनता एवं हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी अनिवार्य रूप से प्रदान करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने 13 मार्च को बालोद विकासखण्ड के ग्राम पोण्डी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम श्री नूतन कंवर एवं सभी विभाग प्रमुखों को जनसमस्या निवारण शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन परिणाममूलक होना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों के समयपूर्व तैयारियां सुनिश्चित करना आवश्यक है। बैठक में कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु के आगमन के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को पेयजल की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों के द्वारा की जा रही तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम नागरिकों को किसी भी स्थिति में पेयजल संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में कलेक्टर ने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दयारे में मादक पदार्थों के खरीदी-बिक्री की रोकथाम की पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को मुख्यमंत्री घोषणा के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सघन पौधरोपण अभियान के अंतर्गत रोपे गए पौधों के सुरक्षा हेतु किए जा रहे उपायों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के अंतर्गत रोपे गए पौधों का सुरक्षा एवं देखरेख की समुचित प्रबंध करने को कहा। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों के बाॅयोेमेट्रिक उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में पहुँचकर बाॅयोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे कार्यालय पहुँचकर बाॅयामेट्रिक उपस्थिति दर्ज नही कराने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई करने की जानकारी दी। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग एवं कार्यालय प्रमुखों को न्यायालयीन प्रकरणों का समय पर जवाब प्रस्तुत करने तथा विधानसभा के प्रश्नों का जवाब अपने प्रभारी अधिकारी के अनुमोदन के उपरांत ही नोडल अधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.