पीएमश्री शालाओं में सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट हो : कलेक्टर श्रीमती मिश्रा

बालोद - कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि पीएमश्री शाला के विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु अत्यंत महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। जिसे ध्यान में रखते हुए जिले के सभी पीएमश्री शालाओं में शिक्षकों की समुचित उपलब्धता, पर्याप्त मात्रा में पाठ्य सामग्री अध्ययन-अध्यापन की अनुकूल परिवेश के साथ-साथ मानवीय एवं भौतिक संसाधन आदि सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट होनी चाहिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिले के सभी पीएमश्री शालाओं के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों, संस्था प्रमुखों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर पीएमश्री शालाओं की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी 13 पीएमश्री शालाओं के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के अलावा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी अपर कलेक्टर एवं डिप्टी कलेक्टरों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में कलेक्टर ने पीएमश्री शालाओं में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था, शिक्षकों एवं जरूरी संसाधनों की उपलब्धता, अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के अलावा संस्थाओं द्वारा शिक्षा गुणवत्ता के साथ-साथ उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हेतु निर्धारित कार्ययोजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, डिप्टी कलेक्टरों के अलावा जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने प्रत्येक पीएमश्री शालाओं में शिक्षकों एवं संसाधनों की समुचित उपलब्धता,खेल मैदान,पौधरोपण की स्थिति,टीचिंग लर्निंग मटेरियल एवं फर्नीचरों की उपलब्धता के साथ-साथ शिक्षकों एवं बच्चों के आई कार्ड,शुद्ध पेयजल उपलब्धता के अलावा शौचालय,हैण्डवाॅश की सुविधा, पर्याप्त मात्रा में कमरों की संख्या आदि सभी व्यवस्थाओं की बारी-बारी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जिले के सभी पीएमश्री शालाओं में समुचित संसाधन एवं परिवेश उपलब्ध कराकर पीएमश्री शालाओं को माॅडल शाला विकसित करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने पीमएश्री शालाओं में अतिरिक्त कक्ष एवं मरम्मत कक्ष की आवश्यकता होने पर इसके लिए तत्काल प्रस्ताव प्रेषित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अलावा सभी नोडल अधिकारियों को पीएमश्री शालाओं में नियमित रूप से पहुँचकर शिक्षा गुणवत्ता का सतत माॅनिटरिंग करने को कहा। कलेक्टर ने पीएमश्री शालाओं में बच्चों की दर्ज संख्या, परीक्षा परिणाम आदि सभी व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा करते हुए नोडल अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पीएमश्री शालाओं का नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाने के निर्देश दिए। 

रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.