कोचेरा उपकेंद्र में बढ़ते लोड से मिली राहत: 05 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत
बालोद - छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र (सीएसपीडीसीएल) के अंतर्गत बालोद विद्युत संभाग के खपरी वितरण केंद्र अंतर्गत 33/11 केवी कोचेरा उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री संजय खंडेलवाल ने कहा कि उपकेंद्र में पहले से स्थापित 3.15 एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों में से एक को बदलकर 05 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया गया है जिसे 10 मार्च 2026 को ऊर्जीकृत किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उक्त कार्य के पश्चात् सबस्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 8.15 एमवीए हो गई है। इस कार्य को लगभग 46.63 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। उल्लेखनीय है कि विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ने से खपरी वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रायपुरा,बिजोरा,नारगी, डारागांव,खरथुली,देवरी,पार्री, कोचेरा, सेमहरडीह, कोसमी और पारसाडीह के लगभग 2325 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। अब क्षेत्र में ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। उक्त कार्य को निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए मुख्य अभियंता ने अधीक्षण अभियंता श्री आर.के.मिश्रा, कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. राय, श्री एस.के. बंड, श्री सहायक अभियंता अजय विश्वकर्मा, श्री एच.के. हिरवानी, श्री डी.के. साहू एवं कनिष्ठ अभियंता श्रीमती नेहा साहू सहित तकनीकी टीम की सराहना की।
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.