शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने हेतु युद्ध स्तर पर की जाए कार्रवाई: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा
बालोद : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने हेतु युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उपस्थित राजस्व विभाग के अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के द्वारा ग्रीष्म ऋतु के दौरान आम नागरिकों को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समुचित आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान जिले वासियों को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की प्रबंध हेतु किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को समय पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिले के शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु राजस्व विभाग एवं संबंधित विभाग के द्वारा की जा रही कार्रवाई की भी सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को मौके पर पहुँचकर वस्तु स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने ग्रीष्मकाल के दौरान जिले वासियों को समुचित मात्रा में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा भी की। उन्होंने सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को अवैध पंप कनेक्शन धारियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने खनिज न्यास संस्थान के राशि के उपयोग के संबंध में शासन से जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत शासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर प्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई के लिए भी आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की जा सकेगी। श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को आम नागरिकों को इसका अधिक से अधिक जानकारी प्रदान कर विद्यार्थियों को इस जनहितैषी कार्य का लाभ सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने राज्य शासन द्वारा राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रदेश के प्रत्येक जिलों में अलग-अलग तिथियों में राजस्व पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित की जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत बालोद जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक राजस्व पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिले में राजस्व पखवाड़ा के सफल आयोजन एवं आम जनता के राजस्व संबंधी समस्याओं के समुचित निराकरण हेतु समुचित उपाय करने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने बुधवार 25 मार्च को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत बलौदा बाजार-भाटापारा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजन करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत संयुक्त जिला कार्यालय में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के अलावा लाभान्वित हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। श्रीमती मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में अपनी वर्चुअल सहभागिता सुनिश्चित कर लाभान्वित हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.