पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी: वैश्विक संकट के बीच मोदी सरकार का बड़ा फैसला
दल्ली राजहरा : केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी किए जाने के साथ-साथ वैश्विक युद्धजनित परिस्थितियों के बीच ईंधन आपूर्ति की सख्त मॉनिटरिंग के निर्णय का भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे आमजन के हित में लिया गया एक संतुलित, दूरदर्शी और जिम्मेदार कदम बताया।
सौरभ लुनिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी का निर्णय जहां एक ओर आर्थिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ईंधन व्यवस्था पर विशेष नजर रखना उसकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के कारण कई देशों में ईंधन संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, लेकिन भारत में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी की आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे देश में किसी प्रकार की कमी या अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
साथ ही, सरकार द्वारा कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए भी कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति अफवाहों का लाभ उठाकर आम जनता को परेशान न कर सके। प्रशासनिक स्तर पर लगातार निरीक्षण एवं नियंत्रण की प्रक्रिया जारी है, जिससे बाजार में पारदर्शिता और स्थिरता बनी हुई है।
सौरभ लुनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कमी के साथ-साथ ईंधन आपूर्ति की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करना देशवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत और विश्वास का संदेश है। यह कदम दर्शाता है कि केंद्र सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है और उनकी आवश्यकताओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.