सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर की उल्लेखनीय उपलब्धि
बालोद : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर की टीम द्वारा इस वर्ष नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों से कहीं अधिक उपलब्धियां प्राप्त की गई हैं।
निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित 930 के लक्ष्य के विरुद्ध 155% उपलब्धि हासिल की गई, जो कि स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता और टीम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके साथ ही निःशुल्क स्कूल चश्मा वितरण अभियान के तहत 70 मिडिल स्कूलों में विद्यार्थियों की नेत्र जांच कर कुल 204 बच्चों को चश्मों का वितरण किया गया।
इसके अतिरिक्त “नेत्र दान महादान” संकल्प के अंतर्गत भी उल्लेखनीय कार्य करते हुए लक्ष्य के अनुरूप 4 नेत्रदान सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया है।
यह समस्त कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. उईके एवं खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. सुनील भारती के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। साथ ही सहायक नोडल अधिकारी अंधत्व श्री अनिल सिन्हा (नेत्र सहायक अधिकारी) के कुशल निर्देशन में पूरे ब्लॉक की टीम ने समर्पित भाव से कार्य किया।
इस उपलब्धि में ब्लॉक के नेत्र सहायक अधिकारियों श्री डिगेश देवदास, श्री श्याम सुंदर देवांगन एवं श्री टिकेश्वर प्रसाद साहू का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए इस सफलता को सुनिश्चित किया।
उक्त समस्त कार्यों में ब्लॉक के समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला एवं पुरुष) तथा मितानिनों का भी विशेष एवं सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ, जिनकी सक्रिय भागीदारी से इन अभियानों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सका।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर की यह उपलब्धि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जनसामान्य में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.