दल्ली चैक में बुजुर्ग को आया मिर्गी का दौरा, विधिक सेवा प्राधिकरण ने पहुँचाया अस्पताल

बालोद : जिले के दल्ली चैक क्षेत्र में एक संवेदनशील मामला सामने आया, जहाँ ग्राम करहीभदर निवासी 68 वर्षीय केवल दास मानिकपुरी को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान मौके पर मौजूद विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, केवल दास मानिकपुरी दल्ली चैक से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया गया।
 
चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें मिर्गी (एपिलेप्सी) का दौरा पड़ा था, जिसके कारण वे बेहोश होकर गिर गए थे। इस पूरी घटना को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की “असंगठित एवं कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं आपात सहायता” के अंतर्गत देखा जा रहा है। नालसा के दिशा-निर्देशों के अनुसार बुजुर्ग, गरीब एवं असहाय व्यक्तियों को न केवल कानूनी सलाह बल्कि जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता, चिकित्सा सहयोग एवं संरक्षण प्रदान किया जाता है।
 
विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद, बुजुर्ग एवं असहाय लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करना है। इस घटना में भी प्राधिकरण की सक्रियता के कारण समय पर उपचार मिल सका, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। अस्पताल में इलाज के दौरान भी विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि लगातार मरीज की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता प्रदान की जाएगी। इस सराहनीय पहल के लिए क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की जा रही है। यह घटना दर्शाती है कि आपात स्थिति में संस्थाओं की सक्रिय भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होती है।
 
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.