तांदुला जलाशय के अंतर्गत डेम से लेकर हीरापुर एनीकट तक के क्षेत्र का किया जाएगा जीर्णोद्धार
बालोद : कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार शीघ्र ही बालोद जिले के जीवनदायिनी तांदुला नदी पर स्थित तांदुला जलाशय से लेकर बालोद शहर, ग्राम सिवनी एवं हीरापुर एनीकट तक के तांदुला नदी के क्षेत्र का जीर्णोद्धार किया जाएगा। बालोद जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आईआईटी भिलाई के विषय विशेषज्ञों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर तांदुला जलाशय से लेकर जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम सिवनी में स्थित एनिकट तक के तांदुला नदी के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, जलकुंभी हटाने के कार्य तथा रेत भराव एवं नदी से अतिक्रमण हटाने के अलावा वाटर रिचार्ज के स्थाई उपायों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, आईआईटी भिलाई के विषय विशेषज्ञ डाॅ. विष्णु एवं अन्य अधिकारियों के अलावा जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंताओं सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने आईआईटी भिलाई के विषय विशेषज्ञों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर संबंधित स्थल का सर्वे कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिससे कि तांदुला नदी के इस क्षेत्र के जीर्णोद्धार के कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। बैठक में तांदुला जलाशय से लेकर हीरापुर एनिकट तक के नदी क्षेत्र से जलकंुभी हटाने, रेतभराव को रोकने तथा अतिक्रमण हटाने एवं वाटर रिचार्ज के स्थाई उपायों के संबंध में गहन मंथन किया गया।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.