एक जिला एक उत्पाद: बालोद के आकाश ने अदरक की खेती से कमाया दोगुना मुनाफा
बालोद : शासन की एक जिला एक उत्पाद योजना से धरातल पर किसानों की तकदीर बदलने लगी है। बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम बघमरा के एक युवा और प्रगतिशील किसान श्री आकाश चंद्राकर ने इस योजना का लाभ उठाकर खेती में सफलता की एक नई इबारत लिखी है। पारंपरिक फसलों को छोड़कर अदरक की खेती की ओर कदम बढ़ाना उनके लिए बेहद लाभकारी सिद्ध हुआ है।
श्री आकाश चंद्राकर ने शासन की योजना से प्रेरित होकर अपने खेत के लगभग ढाई एकड़ हिस्से में अदरक की फसल लगाई थी। बेहतर प्रबंधन और उन्नत कृषि पद्धतियों के कारण उन्हें न केवल शानदार उत्पादन प्राप्त हुआ, बल्कि बाजार में भी अच्छी मांग मिलने से उनकी आमदनी में जबरदस्त इजाफा हुआ है।
खेती की लागत को कम करने और किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन उद्यानिकी विभाग द्वारा आकाश को राज्य पोषित मसाला क्षेत्र विस्तार के तहत अदरक की खेती के लिए लगभग 49 हजार रुपये का अनुदान भी प्रदान किया गया। इस वित्तीय सहायता ने उन्हें आधुनिक खेती के संसाधनों को जुटाने और फसल की गुणवत्ता सुधारने में बड़ी मदद की। किसान श्री आकाश चंद्राकर ने बताया कि अदरक की खेती मेरे लिए समृद्धि का द्वार लेकर आई है। शासन से मिले 49 हजार के अनुदान ने मेरा हौसला बढ़ाया, जिससे आज मैं एक सफल फसल लेने में कामयाब रहा हूँ।
एक जिला एक उत्पाद के तहत अदरक का चयन होने से जिले के अन्य किसान भी अब इस नकदी फसल की ओर आकर्षित हो रहे हैं। पारंपरिक फसलों की तुलना में अदरक से प्राप्त शुद्ध लाभ ने किसान की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है। इसके लिए जिला प्रशासन बालोद एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा दी जा रही सब्सिडी और मार्गदर्शन से खेती अब घाटे का सौदा नहीं रही। अपने फसल के उत्पादन से उत्साहित आकाश चंद्राकर ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों की मुक्त कंठ से सराहना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस पहल से बालोद जिला अब अदरक उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.