रेत से भरे एक तेज रफ्तार हाइवा ने 7 वर्षीय बालक को अपनी चपेट में लिया
बालोद ,गुंडरदेही : शनिवार की शाम 5 बजे गुण्डरदेही-धमतरी स्टेट हाईवे पर स्थित ग्राम पिकरीपार के पास एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे एक तेज रफ्तार हाइवा ने 7 वर्षीय बालक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जो करीब 6घंटों तक चला।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान ग्राम कुमली निवासी नागेश्वर साहू (7 वर्ष) के रूप में हुई है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे नागेश्वर पिकरिपार के पास सड़क पर था, तभी धमतरी की ओर जा रहे रेत से लदे हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई।
आक्रोशित ग्रामीणों
हादसे की खबर सुनते ही ग्राम पिकरिपार और कुमली के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्टेट हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाम कसी जाए।
6घंटे बाद खुला जाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के लिए पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग 6घंटे तक चले तनावपूर्ण माहौल के बाद, देर रात दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हुआ और प्रशासन द्वारा उचित कार्यवाही का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक


No Previous Comments found.