पुलिस अधीक्षक महोदय बालोद श्री योगेश कुमार पटेल द्वारा राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की ली गई बैठक

बालोद : पुलिस कार्यालय बालोद में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य थाना/चौकी स्तर पर बीट प्रणाली को सुदृढ़ बनाना, पुलिसिंग को अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करना रहा।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा बीट व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से निर्देशित किया गया—

प्रत्येक थाना/चौकी क्षेत्र में ग्रामों के अनुसार बीट विभाजन की अद्यतन सूची तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

प्रत्येक आरक्षक को आबंटित ग्रामों की संख्या एवं जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित कर उसकी जानकारी संधारित की जाए।

बीट प्रभारी द्वारा ग्रामों में किए गए भ्रमण की नियमित जानकारी, भ्रमण की तिथि, ग्राम का नाम एवं भ्रमण की संख्या का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाए।

बीट भ्रमण के उपरांत बीट पुस्तिका में दर्ज जानकारी को थाना प्रभारी के समक्ष अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाए एवं उसका नियमित अवलोकन सुनिश्चित किया जाए।

बीट पुस्तिका के अवलोकन के पश्चात थाना/चौकी प्रभारी द्वारा आवश्यक टीप (remarks) अंकित की जाए, जिससे कार्य की निगरानी प्रभावी हो सके।

बीट प्रभारी एवं सह-बीट प्रभारी द्वारा ग्राम भ्रमण हेतु रवाना होने से पूर्व रोजनामचा (सान्हा) में दिनांक, समय एवं ग्राम का नाम अंकित करते हुए विधिवत रवानगी दर्ज करना अनिवार्य किया गया।

बीट क्षेत्र में घटित होने वाले अपराध, दुर्घटना एवं मर्ग से संबंधित सूचनाओं का त्वरित संकलन कर समय पर थाना स्तर पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, साथ ही इसकी विस्तृत जानकारी संधारित की जाए।

बीट भ्रमण के उपरांत थाना के सूचना तख्ती (डिस्प्ले बोर्ड) में आवश्यक प्रविष्टि करना अनिवार्य किया गया तथा इसकी छायाप्रति संधारित रखने के निर्देश दिए गए।

जिन बीट कर्मचारियों द्वारा बीट पुस्तिका का संधारण नहीं किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीट प्रणाली को सुदृढ़ बनाकर आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत निगरानी रखी जाए।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, डीएसपी श्री बोनिफास एक्का, डीएसपी श्री राजेश बागड़े, सीएसपी राजहरा श्री विकास पाटले सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

जिला पुलिस बालोद द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आमजन की सुरक्षा एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.