ग्रामीणों एवं हितग्राहियों के लिए सौगातों भरा रहा ग्राम करहीभदर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर

बालोद : सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम करहीभदर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत करहीभदर सहित करहीभदर कलस्टर में शामिल आसपास के 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों एवं हितग्राहियों के लिए सौगातों भरा रहा। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शासकीय कन्या हाई स्कूल मैदान करहीभदर में आज आयोजित शिविर में संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री नूतन कंवर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया, जनपद उपाध्यक्ष श्री दिनेश सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूजा साहू, जनपद सदस्य श्री लोकेश डड़सेना एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री कमलेश श्रीवास्तव सहित  अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। ग्राम पंचायत करहीभदर में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों के द्वारा हितग्राहियों को स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख का वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जाॅब कार्ड, दिव्यांग एवं बुजुर्गों को श्रवण यंत्र एवं बैटरी चलित ट्रायसायकल, नया राशन कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल एवं आईस बाॅक्स वितरण, वृद्धा पेंशन का स्वीकृति आदेश के अलावा शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था। इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। इस अवसर अतिथियों ने बाल विवाह को एक सामाजिक अपराध बताते हुए शिविर में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के रोकथाम के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ भी दिलाई। ग्राम करहीभदर में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 5402 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 5275 आवेदनों को मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया गया। इस मौके पर शिविर में शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों ने राज्य शासन के इस सुशासन तिहार 2026 के आयोजन की भूरी-भूरी सराहना भी की। 
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने आम नागरिकों को शिविर के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी तथा ग्राम करहीभदर में आयोजित सुशासन तिहार में प्रशासन की ओर से की गई बेहतर व्यवस्था की सराहना की। इस अवसर पर उन्होेंने शिविर में करहीभदर कलस्टर में शामिल में 19 ग्राम पंचायतों से उपस्थित सभी ग्रामीणों एवं अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत भी किया। विधायक श्रीमती सिन्हा ने अंचल के प्रमुख मांगों की ओर जिला प्रशासन के आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनका समुचित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से सुशासन तिहार के अंतर्गत आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने सुशासन तिहार 2026 के आयोजन के उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा आम जनता के कल्याण हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। शासन के मंशानुरूप बालोद जिला प्रशासन द्वारा जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुरूप बालोद जिला प्रशासन सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से प्राप्त आवेदनों के समुचित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान आयोजित होने वाले जनसमसया निवारण शिविरों के पंजीयन काउंटर में आम नागरिक अपने मांगों एवं  समस्याओं के संबंध में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। संबंधित विभागों के द्वारा निर्धारित समयावधि में उनका समुचित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार आम जनता के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित है। सुशासन तिहार के दौरान शासन और प्रशासन के लोग आम जनता के बीच पहुँचकर उनके वास्तविक मांगों और समस्याओं के अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की पड़ताल कर रहे हैं। इसके साथ ही आम जनता से प्राप्त आवेदनों का समुचित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष श्री दिनेश सिन्हा ने राज्य शासन द्वारा आम जनता के मांगों और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु इस सुशासन तिहार के आयोजन की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने आम नागरिकों से शिविर में उपस्थित होकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की भी अपील की। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूजा साहू ने सुशासन तिहार के आयोजन को आम जनता के वास्तविक समस्याओं के पड़ताल का बहुत ही कारगर माध्यम बताते हुए आयोजन की भूरी-भूरी सराहना की। समारोह को जनपद सदस्य श्री लोकेश डड़सेना एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबोधित करते हुए अंचल के प्रमुख मांगों की ओर आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। 
उल्लेखनीय है कि करहीभदर में आज आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम अमोरा, मुजगहन, जामगांव, करहीभदर, कन्नेवाड़ा, पर्रेगुड़ा, सांकरा (क), जमरुआ, मटिया (बी), मुल्लेगुड़ा, मालगांव, नर्रा, बरही, चिरईगोड़ी, जगतरा, परसोदा, देवारभाट, लिमोरा और झलमला सहित 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण जन शामिल हुए थे। शिविर में आज महिला एवं बाल विकास विभाग को 325 आवेदन, खाद्य विभाग को 713, श्रम विभाग को 421, विद्युत विभाग को 161, राजस्व विभाग को 136, कृषि विभाग को 98, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 61 एवं जल संसाधन विभाग को 31 सहित विभिन्न विभागों से प्राप्त कुल 5402 आवेदन में से 5275 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जेएस राजपूत, ग्राम पंचायत करहीभदर के सरपंच श्री बसंत तारम सहित करहीभदर कलस्टर में शामिल ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 
 
रिपोर्टर : रमेश कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.