स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर नगर पंचायत गुण्डरदेही में कार्यशाला आयोजित

बालोद : नगर पंचायत गुण्डरदेही में दिनांक 21 मई 2026 को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में एक महत्वपूर्ण जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय नगर पंचायत अध्यक्ष की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता नियमों, कचरा प्रबंधन एवं नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने हेतु किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, उपाध्यक्ष विजय सोनकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर, पार्षद शैल महोबिया, सलीम खान, रोमलाल यादव, पोषण निषाद , सेवक महिपाल सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से SWM Rules 2026, वार्ड स्वच्छता समिति गठन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीला एवं सूखा कचरा पृथक्करण, MRF सेंटर, RRR सेंटर, कम्पोस्ट एवं CBG प्लांट, डिजिटल पोर्टल, शिकायत निवारण प्रणाली, सफाई मित्र सुरक्षा, नागरिक सहभागिता एवं स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

बैठक में विशेष रूप से 4-श्रेणी कचरा पृथक्करण व्यवस्था की जानकारी दी गई। नागरिकों को बताया गया कि गीला कचरा हरे डिब्बे में, सूखा कचरा नीले डिब्बे में, डायपर, सेनेटरी नेपकिन एवं स्वास्थ्य संबंधी अपशिष्ट लाल डिब्बे में तथा दवाइयां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पेंट, कीटनाशक एवं रसायन जैसे घरेलू खतरनाक अपशिष्ट बैंगनी डिब्बे में अलग-अलग रखना आवश्यक है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने घरों से ही कचरे का पृथक्करण कर स्वच्छता दीदियों को अलग-अलग देकर सहयोग करें, ताकि कचरे का वैज्ञानिक एवं सही तरीके से प्रबंधन किया जा सके।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रत्येक वार्ड में Visible Cleanliness पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। साथ ही श्रमदान, स्वच्छता जागरूकता रैली, सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार, सामुदायिक कार्यक्रम एवं नागरिक फीडबैक को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने अपने संबोधन में कहा कि “हम सभी के सहयोग से गुण्डरदेही  को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाएंगे। स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर नागरिक अपने घर से ही कचरे को अलग-अलग करके देगा, तो नगर को स्वच्छ रखना और कचरे का सही प्रबंधन करना आसान होगा। स्वच्छता अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए जनभागीदारी सबसे आवश्यक है।”
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग स्वच्छता नियमों का पालन करें, खुले में कचरा न फेंके तथा नगर पंचायत द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाए तथा प्रत्येक वार्ड में नियमित मॉनिटरिंग एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने गुण्डरदेही को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर नगर बनाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : रमेश  कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.