शांति समिति की बैठक संपन्न, 28 मई को मनाया जाएगा ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व
बालोद : बालोद जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण ढंग से गुरूवार 28 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पर्व के आयोजन हेतु आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर तथा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने संपूर्ण जिलेवासियों से बालोद जिले में ’सर्व धर्म समभाव’ तथा यहाँ की विशिष्ट सामाजिक परंपरा के अनुरूप संपूर्ण जिले में आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द्र के साथ ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पावन पर्व को मनाने की अपील की है। अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने कहा कि बालोद जिले में सभी धर्मों के पर्वों एवं उत्सवों के एक साथ मिलकर आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भावना के साथ मनाने की बहुत ही विशिष्ट एवं सुंदर परंपरा है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि जिले के इस गौरवशाली परंपरा के अनवरत जारी रखते हुए जिले वासियों द्वारा आगामी 28 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पर्व को एक साथ मिल-जुलकर मनाया जाएगा। श्री कौशिक ने बकरीद के पर्व को सफलतापूर्वक आयोजन हेतु हर संभव मदद उपलब्ध कराने की बात कही। इस अवसर पर एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर ने बालोद जिले के लोगों के सामाजिक सद्भावना एवं आपसी भाईचारे की भूरी-भूरी सराहना की। उन्होंने 28 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद) के पर्व सफलतापूर्वक आयोजन हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव मदद कराने का आश्वासन भी दिया। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, उप पुलिस अधीक्षक श्री बोनीफास एक्का, जनसंपर्क अधिकारी श्री चंद्रेश ठाकुर, तहसीलदार श्री आशुतोष शर्मा, शाहिद खान, मोहम्मद जुनैद कुरैशी, श्री रवि प्रकाश पाण्डेय सहित शांति समिति के सदस्यो के अलावा सामाजिक प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक


No Previous Comments found.