कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने किया नवनिर्मित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट धनोरा का निरीक्षण

बालोद : ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ’जल जीवन मिशन’ के कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने बुधवार 26 मई को गुरूर विकासखण्ड के ग्राम धनोरा का औचक निरीक्षण किया। श्रीमती मिश्रा ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत समूह जल प्रदाय योजना कनेरी के तहत नवनिर्मित अत्याधुनिक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (जल शोधन संयंत्र) का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के रॉ वॉटर इनटेक, सेडीमेंटेशन, फिल्ट्रेशन और क्लोरिनेशन यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने वहाँ उपस्थित संबंधितों से संयंत्र की शोधन क्षमता, तकनीकी बारीकियों और जल गुणवत्ता जांच की व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीणों को मिलने वाला पानी पूरी तरह शुद्ध और मानकों के अनुरूप होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संयंत्र के भौतिक बुनियादी ढांचे का जायजा लेने के बाद कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी तकनीकी या फिनिशिंग के काम बचे हैं, उन्हें युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। श्रीमती मिश्रा ने संयंत्र का पूर्ण रूप से क्रियान्वयन शीघ्र ही शुरू करने की समय-सीमा तय की, ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द आम जनता को मिल सके। अधिकारियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि समूह जल प्रदाय योजना कनेरी के पूरी तरह सक्रिय होते ही क्षेत्र के 27 गांवों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो जाएगी। इस योजना के शुरू होने से गर्मी के दिनों में होने वाली पानी की किल्लत से ग्रामीणों को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी और विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी भी उपस्थित थे। 
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.