भीषण गर्मी के उपरांत भी सुशासन तिहार का सफल आयोजन बहुत ही सराहनीय: मुख्यमंत्री श्री साय
बालोद : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 45-46 डिग्री सेल्सियस तापमान के उपरांत भी संपूर्ण राज्य के साथ-साथ बालोद एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी जिले में सुशासन तिहार 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भीषण गर्मी के उपरांत भी इन दोनों जिलों में सुशासन तिहार के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा सफलतापूर्वक समाधान शिविरों का आयोजन कर आम जनता के मांगों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु समुचित कार्यवाही सुनिश्चित की गई है, वह बहुत ही सराहनीय है। मुख्यमंत्री श्री साय आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बालोद एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी जिले की समीक्षा बैठक लेकर दोनों जिलों में शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में श्री साय ने दोनों जिलों के लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की सराहना करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के कार्यों में गति लाने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, मुख्यमंत्री के विशष्ेा सचिव एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त श्री रजत बंसल, मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव श्री प्रभात मलिक, दुर्ग संभाग के आयुक्त श्री एसएन राठौर, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर बालोद श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी श्रीमती तुलिका प्रजापति सहित दोनों जिले के पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी एवं सीईओ जिला पंचायत उपस्थित थे।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने वर्षा ऋतु के आगमन के देखते हुए मौसमी बीमारी की रोकथाम हेतु समुचित उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने जिला चिकित्सालयों के अलावा सभी सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों में समुचित मात्रा में दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्री साय ने पश्चिम एशियाई संकट के मद्देनजर दोनों जिले में डीजल एवं पेट्रोल पदार्थों की वितरण के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य में कही पर भी डीजल एवं पेट्रोलियम पदार्थों की भण्डारण एवं वितरण की समस्या नही है। बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों जिले में खरीफ वर्ष 2026 हेतु खाद, बीज की उपलब्धता, भण्डारण एवं वितरण के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को समय पर समुचित मात्रा में खाद, बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। श्री साय ने नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया खाद के लाभ एवं महत्व के संबंध में जानकारी देते हुए किसानों को इसकी जानकारी प्रदान करने हेतु इसका समुचित प्रचार-प्रसार करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी कृषकों का अनिवार्य रूप से एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने तथा ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत समुचित मात्रा में पौधरोण कराने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने दोनों जिले में हो रहे उल्लेखनीय कार्योें की सराहना करते हुए अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य करते हुए शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कर जनता जर्नादन की सेवा में बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
इस मौके पर बालोद जिले के कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चैकी जिले के कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने अपने-अपने जिले में राजस्व विभाग के अंतर्गत स्वामित्व योजना, नक्शा परियोजना, जीवाश्म ईंधनों की उपलब्धता, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, धान उठाव, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान, महतारी वंदन योजना, पेयजल की स्थिति, ई-आॅफिस परियोजना का क्रियान्वयन आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस मौके पर कलेक्टर बालोद श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने बालोद जिले में किए जा रहे बेस्ट प्रेक्टिसेस के संबंध में भी जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ’जल संचय, जन भागीदारी अभियान 1.0’ के अंतर्गत जिले में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने इसके अंतर्गत 01 लाख 06 हजार विभिन्न जल संरचनाओं का निर्माण किया गया था। जिसके फलस्वरूप जोन 02 में बेस्ट परफाॅर्मिंग जिले के रूप में पूरे देश में बालोद जिले को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस महत्वपूर्ण एवं गौरव उपलब्धि के लिए बालोद जिला को 02 करोड़ रूपये का प्रोत्साहन राशि भी प्रदान किया गया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बालोद जिले को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित भी किया गया। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बालोद जिले में शुरू किए गए बालोद दिनकर परियोजना की जानकारी दी। यह परियोजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत वर्चुअल नेट मीटरिंग माॅडल पर आधारित है। इससे बालोद जिले के 28 ग्राम पंचायतों में सौर ऊर्जा संयत्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट दिनकर के अंतर्गत सरकारी भवनों की उपलब्ध आरसीसी छतों पर स्थापित किए जाएंगे, जैसे सरकारी स्कूल, छात्रावास, पंचायत भवन, कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, अस्पताल, पुलिस थाना, अन्य सरकारी भवन पक्की छत पर ऊर्जा सयंत्र के माध्यम से विद्युत उत्पादन करेंगे और ग्राम पंचायतों में स्थित मौजूदा सरकारी कनेक्शनों की बिजली की खपत की भरपाई करेंगे। बालोद दिनकर परियोजना के संचालन से 14 लाख 27 हजार 640 यूनिट बिजली की बचत होगी। इससे प्रतिवर्ष लगभग 91 लाख 20 हजार रूपए की राशि बचेगी तथा आगामी 25 वर्षों में 22.79 करोड़ रूपए की बचत होगी।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने बालोद जिले में अति गंभीर कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने के लिए मिशन गोद के कार्यों के संबंध में भी जानकारी दी। श्रीमती मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान के अंतर्गत जिले के अति गंभीर कुपोषित बच्चों को समुचित पौष्टिक आहार एवं देखरेख के लिए समुचित राशि एवं अन्य जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, समाजसेवी संगठनों तथा समाज के सभी वर्गों के लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। जिनके फलस्वरूप अब तक बालोद जिले के 27 प्रतिशत गंभीर कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने में सफलता अर्जित की गई है। समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.