ग्राम सोनपुर (कोड़ेबोड़) में तीन दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन
बालोद : चंद्रशेखर आजाद सांस्कृतिक मंच सोनपुर एवं ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम सोनपुर (कोड़ेबोड़) में 13 से 15 जून तक तीन दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में गांव के बच्चों ने उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में भाग लिया।
समर कैंप के प्रथम दिवस 13 जून को बच्चों के लिए पेंटिंग, मिट्टी कला (क्ले आर्ट) तथा कागज कला (पेपर क्राफ्ट) की कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया। द्वितीय दिवस 14 जून को इन गतिविधियों के साथ-साथ कैरम, स्लो साइकिल रेस, फुग्गा दौड़ एवं फुगड़ी जैसी मनोरंजक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अंतिम दिवस 15 जून को कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
15 जून की शाम को पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम उपसरपंच श्रीमती नीलिमा ध्रुव द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद सांस्कृतिक मंच सोनपुर के अध्यक्ष नेमचंद ने बताया कि यह समर कैंप महान समाज सुधारक, स्त्री शिक्षा के प्रबल समर्थक महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि मंच द्वारा पिछले दो वर्षों से लगातार ऐसे समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। आज जब ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के प्रभाव में बच्चे पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, तब उन्हें खेल, शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।
इसके पश्चात चंद्रशेखर आजाद सांस्कृतिक मंच सोनपुर के सदस्यों द्वारा छत्तीसगढ़ी नाटक "नवा बिहनिया" का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से नशाखोरी, मोबाइल की लत, खराब सामाजिक वातावरण, किताबों तथा पुस्तकालयों के महत्व पर प्रभावशाली संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती नीलिमा ध्रुव ने अपने संबोधन में कहा कि आज समाज नशे जैसी बुराइयों से प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के लिए सही मार्गदर्शन का कार्य करेंगे। अतिथि पंच श्रीमती हितेश्वरी साहू ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की रुचि और प्रतिभा का विकास होता है तथा इन्हें गांवों में निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।
अतिथि सोना बघेल ने कहा कि बच्चों को अच्छा वातावरण उपलब्ध कराने में ऐसे समर कैंप महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे वे नशे, अश्लीलता और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकें।
मंच के सलाहकार डारेंद्र साहू ने बताया कि बच्चों में उच्च सांस्कृतिक मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से आसपास के 29 गांवों में भी इसी प्रकार के समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि शिक्षक एवं समाजसेवी महेंद्र साहू ने कहा कि बच्चे ही गांव, समाज और देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें सही वातावरण और उचित मार्गदर्शन नहीं मिलेगा, तो एक सभ्य समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। वर्तमान समय में बच्चे नशे, मोबाइल की लत और गलत संगति के कारण प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे समर कैंप उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान कर एक जिम्मेदार और अच्छा नागरिक बनने में सहायता करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती नीलिमा ध्रुव उपसरपंच ग्रा. पं. कोडेबोड, विशिष्ट अतिथि हरविंदर सिंह कुर्रे विभागाध्यक्ष रसायन शास्त्र (महर्षि वेदव्यास महाविद्यालय भखारा), विशिष्ट अतिथि महेंद्र साहू शिक्षक जिला अध्यक्ष नेताजी सुभाषचंद्र बोस सांस्कृतिक मंच जिला धमतरी, अतिथि डारेंद्र साहू समाजसेवी संरक्षक नव जागरूक युवक मंच भाठागांव, अतिथि हेमा लहरे ग्राम सचिव नगरी ब्लॉक, अतिथि श्रीमती हितेश्वरी साहू पंच, श्रीमती सोना बघेल तथा गांव के गणमान्य नागरिकों के साथ चंद्रशेखर आजाद सांस्कृतिक मंच सोनपुर के अध्यक्ष नेमचंद, सचिव डेविड, नीरज, युवराज, लोकेश्वर, भावेश, अभिषेक, मोनिका, लिलेश्वरी, हर्षिता, श्रद्धा, भूमिका, चंचल एवं अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित कर उनके उत्साहवर्धन के साथ कार्यक्रम का सफल समापन किया गया।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.