योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का मूलमंत्र है : भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख

बालोद : भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

अपने सन्देश में उन्होंने योग की वैश्विक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया है।

चेमन देशमुख ने कहा कि भारत की ऋषि परम्परा की यह अमूल्य धरोहर आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज पूरा विश्व योग के महत्व को स्वीकार कर रहा है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। 
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और तनावपूर्ण माहौल में योग मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा प्रदान करने का अचूक साधन है। यह न केवल शरीर को निरोगी रखता है, बल्कि एकाग्रता और सकारात्मकता को भी बढ़ाता है। 
योग मत, पंथ या मजहब से परे संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए है। यह 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना को चरितार्थ करता है। 
जब प्रत्येक नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होगा, तभी एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने  छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं और बच्चों से अपील की है कि वे योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
इस योग दिवस पर हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि 'करो योग, रहो निरोग' के मंत्र को अपने जीवन में उतारेंगे और एक स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपना योगदान देंगे।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.