बकायादारों पर नगर पंचायत की सख्त कार्रवाई: किराया जमा नहीं करने पर गुमटियां सील

बालोद : नगर पंचायत गुण्डरदेही द्वारा बकाया किराया वसूली अभियान के तहत मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले बकायादारों की गुमटियों को सील कर नगर पंचायत के अधिकार में ले लिया गया।
नगर पंचायत द्वारा नगर के लोगों को स्वरोजगार के उद्देश्य से गुमटियां एवं दुकानें आवंटित की गई हैं, जिनमें अनेक हितग्राही अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। किंतु कई आवंटियों द्वारा बार-बार सूचना एवं अवसर दिए जाने के बावजूद नियमित रूप से किराया राशि जमा नहीं की जा रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए परिषद् के सदस्यों , नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर बकायादारों के विरुद्ध सीलबंद करने की कार्रवाई की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन एवं नगर पंचायत प्रशासन ने सभी गुमटी एवं दुकान संचालकों से अपील की है कि जिनकी किराया राशि या अन्य देय राशि बकाया है, वे शीघ्र नगर पंचायत कार्यालय में जमा करें। अन्यथा नियमानुसार उनकी गुमटी एवं दुकानों पर भी सीलबंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नगरवासियों से समेकित कर सहित सभी देय कर समय पर जमा करने की अपील करते हुए कहा गया है कि करों का नियमित भुगतान नगर के विकास कार्यों को गति देता है। सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समय पर कर एवं अन्य देय राशि जमा कर एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें, ताकि नगर के विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.