देवरी पुलिस की तत्परता से टला संभावित विवाद, समय रहते स्थिति पर पाया गया पूर्ण नियंत्रण

बालोद : पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डौण्डीलोहारा के पर्यवेक्षण में जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना देवरी पुलिस द्वारा ग्राम मारी बंगला में अवैध जुआ, सट्टा एवं शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा था। अभियान के दौरान कुछ आदतन शराबियों एवं छोटी-छोटी बातों पर विवाद, गाली-गलौज एवं मारपीट करने वाले व्यक्तियों द्वारा आपसी विवाद उत्पन्न कर क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण बना दिया गया। स्थिति को देखते हुए आसपास लोगों की भीड़ एकत्र होने लगी तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

सूचना मिलते ही थाना देवरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ एवं त्वरित हस्तक्षेप से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना एवं संभावित विवाद को समय रहते टाल दिया गया।

सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अशांति फैलाने की आशंका रखने वाले 07 आदतन विवादियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया तथा उन्हें माननीय न्यायालय (सीडीएम), डौण्डीलोहारा के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

बालोद पुलिस की अपील

बालोद पुलिस आम नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करती है। जिले में कानून-व्यवस्था भंग करने, आमजन के बीच भय एवं अशांति का वातावरण निर्मित करने अथवा आदतन विवाद कर सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी कठोर एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कानून का पालन करने वालों की सुरक्षा एवं कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करना बालोद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.