गुण्डरदेही में जिला स्तरीय 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम आयोजित
बालोद - भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में 'मेरा युवा भारत (MY Bharat)' अभियान के अंतर्गत गुण्डरदेही में जिला स्तरीय "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" कार्यक्रम का आयोजन गुंडरदेही के चैनगंज में श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन,उपाध्यक्ष विजय सोनकर,पद्मश्री शमशाद बेगम,डॉ.लीना साहू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि "बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारा युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगा। नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे।"
कार्यक्रम प्रभारी क्षितिज जी ने बताया कि यह भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता पहल है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को नशामुक्त जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें "विकसित भारत 2047" के निर्माण में सहभागी बनाना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान देशभर के 772 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुँच सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य एक ऐसे भारत का निर्माण करना है जहाँ युवा स्वस्थ, शिक्षित, आत्मनिर्भर और राष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक,लेखन,चित्रकला,कविता एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाज में नशामुक्ति का व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। यह जिला स्तरीय आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.