स्कूलों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर दिखे अध्यक्ष प्रमोद जैन

बालोद - नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष प्रमोद जैन,नगर पंचायत के सीएमओ कोमल ठाकुर,नगर पंचायत उपाध्यक्ष विजय सोनकर,पार्षद हरीश निषाद,शैल महोबिया,एल्डरमैन गोकुल निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ स्वामी आत्मानंद शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर एवं मैदान में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद तत्काल सफाई कार्य कराया गया। इस दौरान स्कूल मैदान के उस मार्ग का भी निरीक्षण किया गया,जहां से प्रतिदिन छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। लगातार बारिश के कारण वहां अत्यधिक कीचड़ हो गया था, जिससे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई हो रही थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने तत्काल मुरूम, गिट्टी एवं डस्ट डलवाकर मार्ग को व्यवस्थित कराया, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके पश्चात  कन्या पूर्व माध्यमिक शाला का भी निरीक्षण किया। यहां शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन से चर्चा कर विद्यालय की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली गई। मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में कक्षों की कमी के कारण विद्यार्थियों को बैठाने में कठिनाई होती है। इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने तत्काल प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को पत्र लिखकर कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में तीन अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस संबंध में मंत्री से चर्चा कर शीघ्र स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि नगर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण प्रदान करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। विद्यालयों में जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा

रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.