नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन की शिकायत पर अमृत मिशन 2.0 के कार्यों का निरीक्षण
बालोद : नगर पंचायत गुण्डरदेही में अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार के लिए खोदी गई सड़कों एवं मार्गों की स्थिति का आज निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एग्जीक्यूटिव इंजीनियर दिनेश नेताम, एई पाण्डेय , नगर पंचायत सीएमओ कोमल ठाकुर, अमृत मिशन के प्रोजेक्ट मैनेजर हिमांशु अग्रवाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन द्वारा पूर्व में अमृत मिशन के कार्यों के दौरान खोदी गई सड़कों के समतलीकरण एवं मरम्मत को लेकर शिकायत की गई थी। साथ ही नगरवासियों से भी लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि जगह-जगह खोदे गए गड्ढों एवं खराब मार्गों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है तथा दुर्घटनाओं की स्थिति बन रही है। गौरतलब है कि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव को पत्र लिखकर अमृत मिशन 2.0 के कार्यों में धीमी प्रगति, आवश्यक मानव संसाधन की कमी तथा सड़कों के सुधार में हो रही देरी की ओर ध्यान आकर्षित कराया था। पत्र में पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों के समतलीकरण, हाइड्रोटेस्टिंग एवं रोड रेस्टोरेशन सहित विभिन्न कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई थी। इन्हीं शिकायतों के निराकरण के लिए आज संबंधित अधिकारियों एवं अमृत मिशन की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शीतला तालाब से लेकर हटरी तक तथा वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 सहित अन्य वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के बाद खराब हुई सड़कों और मार्गों का जायजा लिया गया। जहां-जहां सड़क पर गड्ढे एवं असमतल स्थिति पाई गई, वहां गिट्टी डालकर सड़क का समतलीकरण करने तथा आवागमन योग्य बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को दिए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन नगर पंचायत की प्राथमिकता है। अमृत मिशन 2.0 के कार्यों के कारण जिन सड़कों को नुकसान पहुंचा है, उनका आवश्यक सुधार कार्य तुरंत ही कराया जाए , ताकि लोगों को परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक
No Previous Comments found.