जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा की पहल रंग लाई, 3.85 लाख की लागत से नाली निर्माण का भूमिपूजन, वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या होगी दूर
बालोद : ग्राम पंचायत कोलिहापुरी के सतनामी पारा में वर्षों से बनी हुई पानी निकासी और जलभराव की गंभीर समस्या के समाधान की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा की विशेष पहल और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के चलते 3 लाख 85 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस निर्माण कार्य से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना उनका पहला दायित्व है। उन्होंने कहा कि सतनामी पारा में लंबे समय से पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति बन जाती थी, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही गंदा पानी जमा होने से स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती थीं। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए इस नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति दिलाई गई, जिसका आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
आशा विक्की मिश्रा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास के साथ वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान अब संभव हो सकेगा। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि नाली निर्माण पूर्ण होने के बाद जलभराव की समस्या समाप्त होगी, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और आवागमन भी सुगम बनेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के प्रथम नागरिक सरपंच ईश्वर प्रसाद साहू, पूर्व जनपद सभापति विक्की मिश्रा, पूर्व उपसरपंच सुनील मिश्रा, पंच तारिणी साहू, गायत्री देशमुख, हिना देश लहरे, पूजा भारती, पूजा बांधे, सरस्वती बंजारे, अगेश्वर भारती, विजय चतुर्वेदी, योगराज देशलहरे सहित ग्राम पंचायत के समस्त पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जिला पंचायत सदस्य आशा विक्की मिश्रा के सक्रिय प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। नाली निर्माण का यह कार्य न केवल सतनामी पारा की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा, बल्कि स्वच्छ और व्यवस्थित ग्राम निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
रिपोर्टर : धर्मेंद्र गुप्ता
No Previous Comments found.