जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

बालोद : जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने पुलिस, प्रशासन, पशुपालन, नगरीय निकाय सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़कों में विचरण करने वाले घुमन्तु मवेशियों के समस्या के निराकरण हेतु समुचित उपाय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में विभागवार समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्री चंद्रकांत गवर्ना सहित सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, लोक निर्माण एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यपालन अभियंताओं के अलावा तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। 
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों से सड़कों में विचरण करने वाले घुमन्तु मवेशियों को हटाने हेतु की जा रही कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने पशुपालन विभाग के उप संचालक को पशुओं के गले में रेडियम पट्टी लगाने तथा घुमन्तु एवं पालतू पशुओं के इअर टेगिंग के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घुमन्तु मवेशियों को जिला मुख्यालय बालोद में तांदुला नदी के निकट बने गौठान में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस संबंध में उन्होंने गौ सेवकों की बैठक भी आयोजित करने को कहा। बैठक में उन्होंने सड़क सुरक्षा के रोकथाम हेतु चलाए जा रहे जागरूकता अभियान, हेलमेट का अनिवार्य उपयोग के लिए आम लोगों को प्रेरित करने हेतु किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को इस अभियान को विशेष प्राथमिकता के साथ नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय बालोद में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, घड़ी चैक, सुमीत बाजार के पास गंजपारा स्थित मदिरा दुकान के सामने एवं अन्य आवश्यक स्थानों पर नो पार्किंग का बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए। 
 बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने जिले में सड़क दुर्घटना की रोकथाम हेतु पुलिस विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा शराब पीकर एवं तेज गति से वाहन चलाने वालों के अलावा यातायात नियमों का पालन नही करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने नाबालिग वाहन चालकों के विरूद्ध नियमित रूप से कार्रवाई करने की जानकारी दी। बैठक में राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से संयुक्त जांच अभियान चलाकार यातायात नियमों को तोड़ने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। इस मौके पर बैठक में उपस्थित राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों से जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी लिया गया। 

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.