65 वर्षीय वृद्ध की अंधी हत्या का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा!
बलौदाबाजार - ग्राम मुडियाडीह - खैंदा मेनरोड पर 65 वर्षीय वृद्ध केजराम ध्रुव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस बल एवं फॉरेंसिक (FSL) टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल तथा शव का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में परिजनों ने बताया कि मृतक शाम लगभग 05:00 बजे अपने घर से ग्राम खैंदा दूध देने के लिए निकले थे। प्रथम दृष्टया वृद्ध के शरीर पर धारदार हथियार से गहरे चोट के निशान पाए गए। मृतक के पुत्र लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में मर्ग कायम कर हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
साइबर सेल व पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई एवं सर्विलांस:- मामले की गंभीरता को देखते हुए अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने हेतु थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास के मार्गों का गहन तकनीकी विश्लेषण प्रारंभ किया। साइबर सेल की टीम ने उत्कृष्ट दक्षता, प्रभावी आपसी समन्वय एवं लोकेशन ट्रैकिंग का प्रयोग करते हुए पाया कि घटना के बाद से फरार चल रहा एक विधि से संघर्षरत बालक, बलौदाबाजार से रायपुर पहुंचा और वहां से बस के माध्यम से महासमुंद की ओर भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी बालक का पीछा कर उसे महासमुंद क्षेत्र पर सफलता पूर्वक हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए विधि से संघर्षरत बालक से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना के समय बालक मेनरोड पर बैठा था। जब वृद्ध केजराम ध्रुव वहां से दूध बेचने के लिए गुजर रहे थे, तब बालक ने उन्हें रोककर रुपयों की मांग की। वृद्ध द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी बालक आक्रोशित हो गया और अपने पास रखी गुप्ती (धारदार हथियार) से वृद्ध के शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से वृद्ध की कुछ देर बाद मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है।
रिपोर्टर - बलदाऊ सिंह ठाकुर
No Previous Comments found.