छत्तीसगढ़ मानस संगठन ने भठेली भखारा मे मनाया संत तुलसीदास जयंती
छत्तीसगढ़ : मानस संगठन के धमतरी जिला के भखारा तहसील ने विगत वर्षों की तरह भव्य राज्य स्तरीय संत तुलसीदास जी की जयंती का भव्य आयोजन 30 अगस्त एवं 31 अगस्त 2026 को किया। हरि कृपा से लगातार भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालु राम -रसिकों की भारी संख्या और सहयोग इस कार्यक्रम की सफलता का परिचायक है। सुबह छत्तीसगढ़ मानस संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष श्री चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने पूजन -अर्चन कर दीप प्रज्ज्वलन किया। बस्ती समिति के अध्यक्ष ,उपाध्यक्ष,सचिव , कोषाध्यक्ष,पार्षदगण, रामायण आयोजन समिति के अध्यक्ष , अन्य पदाधिकारीगण, अन्य जिलों से आए मानस संगठन के आमंत्रित गणमान्यजनों की उपस्थिति रही । स्वागत सम्मान के उपरांत आमंत्रित मानस मंडलियों के द्वारा लगातार मानस की दिव्य कथाओं की मनमोहक प्रस्तुति दी गई । इस अवसर पर भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी छत्तीसगढ़ मानस संगठन भखारा तहसील ने की। विभिन्न मानस वक्ताओं ने भी अपने पावन विचार रखें। संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की गई । बैठक में पदाधिकारियों के मनोनयन ,चयन की प्रक्रिया को पूर्ण किया गया। आगामी आयोजनों की रूपरेखा तय की गई । धमतरी जिला के अलावा ज्यादातर बालोद और दुर्ग जिला के मानस प्रेमी लोग शामिल हुए ।
इस अवसर पर पंडित श्री चेतनदुलार देवांगन (माधुर्य मानस प्रचार समिति पोटियाडीह )को मानस की 20 वर्षों की दीर्घ साधना के लिए मानस - रत्न सम्मान- 2026 से अलंकृत किया गया। श्री चेतन दुलार देवांगन जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ मानस संगठन पहली संस्था है जिसने उनके कला और प्रतिभा को सम्मानित किया है। वे संगठन के निरंतर किए जा रहे सभी कार्यों की प्रशंसा कर 5 हजार से ज्यादा मानस मंडलियों को जोड़ने वाले सबसे सक्रिय संगठन मना। वही ग्राम पंचायत सतमरा, विकासखंड गुण्डरदेही ,जिला बालोद के सरपंच एवं मानस आयोजन समिति के संरक्षक श्री सोनऊ राम साहू सन्नी को भी 30 वर्षों से मानस प्रचार एवं आयोजन के लिए मानस रत्न -2026 अलंकरण से अलंकृत किया गया ।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मानस संगठन से जुड़ना ही गौरव का विषय है और जनसहयोग से जितने भी बड़े बड़े आयोजन संगठन ने किया है ,आज लोग इस संगठन से प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं।भविष्य में हम हर संभव संगठन के कार्यों में अपनी सेवाएं देंगे। अलंकृत मानसरत्नों को छत्तीसगढ़ मानस संगठन का आजीवन सदस्यता भी प्रदान की गई। इसके अलावा प्रतीक चिह्न, अभिनंदन -पत्र , श्रीफल, साल से सम्मानित किया गया। अलंकृत सज्जनों ने छत्तीसगढ़ मानस संगठन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। भखारा तहसील ने लगातार चतुर्थ वर्ष यह सफल आयोजन किया। मानस से जुड़े सभी संतजनो ने स्वर्गीय श्री शारदादास मानिकपुरी जी को श्रद्धांजलि देकर कार्यक्रम की शुरुआत की । वे धमतरी जिला के निवर्तमान अध्यक्ष रहें । वे भखारा आयोजन समिति के संरक्षक एवं मुख्य प्रेरणास्त्रोत रहें।सभी आगंतुकों ने उनसे जुड़े संस्मरण भी सुनाए। छत्तीसगढ़ मानस संगठन ने स्वर्गीय श्री शारदा दास मानिकपुरी जी के सहयोग ,समर्पण और किए गए समस्त महान कार्यों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री राधाकृष्ण महिला मानस मंडली थूहा कुरुद और श्री रुद्रेश्वर महादेव मानस परिवार परसुली गुरूर के अलावा ज्योति महिला मानस मंडली ,बाल लीला मानस मंडली ,वेद मानस परिवार देवरी इत्यादि की प्रस्तुति हुईं।
दिनांक 1 सितंबर 2026 को मानस आयोजन से जुड़े गांव के अनुभवी लोगों को आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया गया ।स्थानीय मानस मंडली की भी प्रस्तुति हुईं और रात्रिकालीन कार्यक्रम के रूप में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध रामधुनी पार्टी जय छत्तीसगढ़ बालक रामधुनी मंडली देवरी भखारा का आयोजन हुआ। समस्त कार्यक्रम का मंच संचालन श्री नितेश मानिकपुरी जी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मानस संगठन तहसील -भखारा धमतरी ने बहुत ही प्रभावी ढंग से की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कुरूद माननीय श्री लेख राम साहू जी थे । उन्होंने छत्तीसगढ़ मानस संगठन के अब तक किए जा रहे सभी प्रयासों की सराहना की । कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री चम्पेश्वर सिंह राजपूत प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मानस संगठन ने की । इस अवसर पर श्री मनमोहन साहू जी वरिष्ठ सलाहकार छत्तीसगढ़ , श्री भागेश हिरवानी जी वरिष्ठ सलाहकार जिला मानस संगठन धमतरी, श्री दिनेश्वर गंगबेर छत्तीसगढ़ मानस संगठन जिला इकाई बालोद कोषाध्यक्ष इत्यादि संतो ने भी सभा को संबोधित किया । आदरणीया श्रीमती संतोषी निषाद जी प्रदेश अध्यक्ष निषाद समाज महिला विंग, एवं स्थानीय सरपंच महोदया, श्री विनोद साहू जी,श्री येन सिंग साहू जी , श्री विष्णु राम साहू जी ,श्री नेक राम बंधु ,श्री दुलेश्वर साहू इत्यादि सम्माननीय नगरवासी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ मानस संगठन ने अक्टूबर माह में कथावाचकों एवं उद्घोषक कार्यशाला आयोजन की रूपरेखा भी घोषित किया। नवंबर में मानस गोष्ठी का द्वितीय वर्ष का आयोजन भी होगा। इस बीच राज्यस्तरीय ऑनलाइन प्रवचन का कार्यक्रम इसी सप्ताह से प्रारंभ कर दिया जाएगा।अब तक 108 भाग में इसका आयोजन किया जा चुका है। दिसंबर माह में 6वीं से 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए राज्यस्तरीय रामचरित मानस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के द्वितीय वर्ष का आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री चम्पेश्वर सिंह राजपूत जी ने सब रामभक्तो को छत्तीसगढ़ मानस संगठन से जुड़कर सनातन धर्म के गौरव को प्रसारित करने के इस अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ मानस संगठन के अंतर्गत रामधुनी मंडली ,जस गीत मंडली फाग गीत मंडली ,पंडवानी, रामलीला, पंथी, विभिन्न वादक कलाकारों टीकाकारों, मानस आयोजन समिति , उद्घोषकों का भी पंजीयन किया जाता है।जिस समय पंजीयन किया जाता है उसी समय पंजीयन प्रमाण -पत्र भी जारी कर दिया जाता है। सभी शासकीय प्रयोजनों के लिए यह पंजीयन प्रमाण- पत्र उपयोगी है।
रिपोर्टर : रमेश कुमार
No Previous Comments found.