सेवा संकल्प अभियान के तहत एक लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीयों’ से रोशन हुआ बालोद

बालोद : देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज बालोद जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों एवं शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में आज जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर सांसद श्री भोजराज नाग ने इस सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी और पूरे जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसा भव्य आयोजन की सफलता सभी के समर्पण, सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता का परिणाम है। आगे भी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले  आयोजन की सफलता की अग्रिम बधाई देता हूँ। 

‘आशीर्वाद के दीप’ से रोशन हुआ छत्तीसगढ़

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए जा रहे हैं। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सकारात्मकता और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बालोद जिले में भी विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया।

जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रहा जनजीवन

सांसद श्री भोजराज नाग ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दीर्घ सार्वजनिक सेवा यात्रा और देश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आए बदलावों की जानकारी साझा की। जिसमें प्रमुखता से प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, कोरोना काल में निःशुल्क टीकाकरण, रेलवे के आधुनिकीकरण एवं अमृत भारत स्टेशन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंची सुविधाओं को रेखांकित किया। 

प्रशासन और नागरिकों की सहभागिता से बना यादगार आयोजन

कार्यक्रम में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, राष्ट्रीय बाल अधिकारी संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र साहू, राज्य एथेलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, श्री राकेश (छोटू) यादव, श्री पवन साहू, श्री अभिषेक शुक्ला के अलावा पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण एवं वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नवचेतना फाउंडेशन कलंगपुर के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी। फाउंडेशन के द्वारा स्टेडियम परिसर में सेवा संकल्प अभियान की थीम पर आकर्षक रंगोली बनाया गया था। 

उल्लेखनीय है कि आज बालोद जिले के स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में 01 लाख दीया प्रज्वलित कर भारत के मानचित्र को प्रदर्शित किया गया। साथ ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जिले में शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सेवा भावना को जनभागीदारी से मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया। 
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.