बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किसानों से धान खरीदी के नाम पर ₹21.37 लाख की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बालोद : बालोद पुलिस ने किसानों से धान खरीदी के नाम पर 21 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गुरुर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंह सोरी के नेतृत्व में थाना सनौद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

मामले का संक्षिप्त विवरण -

थाना सनौद में अपराध क्रमांक 80/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध है। प्रार्थी कन्हैया लाल साहू, निवासी ग्राम बोहरा, थाना सनौद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन, निवासी ग्राम नांहदा, थाना देवरी, जिला बालोद ने किसानों को बाजार भाव से अधिक दर पर धान खरीदी और 1-2 दिन में भुगतान करने का झांसा दिया।

आरोपी ने ग्राम बोहरा, डोटोपार एवं आसपास के 19 किसानों से धान खरीद लिया, लेकिन कुल ₹21,37,745/- की राशि का भुगतान नहीं किया और फरार हो गया।

आरोपी गिरफ्तार -

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन, पिता सुशील जैन, उम्र 32 वर्ष को ग्राम घुमका, जिला राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। दिनांक 21 सितंबर 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस द्वारा किसानों के कथन, धान खरीदी और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों का परीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका -

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार साहू, आरक्षक दमन वर्मा, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद, आरक्षक टिकेंद्र कुमार सोरी, आरक्षक गोविंद साहू, साइबर सेल प्रभारी श्री धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम एवं आरक्षक मिथलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस की अपील -

बालोद पुलिस ने किसानों से अपील की है कि फसल बिक्री के दौरान खरीदार की पहचान, भुगतान की शर्तों और लेन-देन के दस्तावेजों की उचित जांच जरूर करें और किसी भी धोखाधड़ी की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.