वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम 2 महीने में पूरा करने की सख्त हिदायत
बालोद : नगर के कायाकल्प की बड़ी तैयारी: शराब भट्टी व मर्चुरी के स्थानांतरण और नए पर्यटन स्थल के विकास हेतु शासकीय जमीनों का मुआयना; पटवारी को ब्योरा सौंपने के निर्देश नगर में विकास की रफ्तार को तेज करने और जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज नगर पंचायत प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतरा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) कोमल ठाकुर ने नगर पंचायत के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के साथ अमृत मिशन के तहत बन रहे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष एवं सीएमओ ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और वर्तमान प्रगति का बारीक अवलोकन किया। इसके साथ ही बघमरा में स्थित सीलिंग भूमि का भी निरीक्षण किया गया। जल्द से जल्द नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मंशा जताते हुए अधिकारियों ने ठेकेदार को सख्त लहजे में हिदायत दी कि आगामी 2 महीने के भीतर हर हाल में काम पूरा होना चाहिए, क्योंकि इसका भव्य उद्घाटन कराया जाना तय किया गया है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
2 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की मिली स्वीकृति, निविदा व कार्य प्रारंभ करने के निर्देश
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने आज सभी अधिकारियों की विशेष बैठक ली, जिसमें जानकारी दी गई कि वर्तमान में लगभग 2 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसमें सीसी रोड निर्माण, नाली निर्माण एवं अन्य जनहित के कार्य शामिल हैं। स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत शीतला मंदिर के सामने टिनशेड निर्माण,वार्ड नंबर 15 में हनुमान मंदिर के सामने टिनशेड निर्माण,सब्जी मंडी परिसर में सीसी रोड निर्माण ,धमतारी चौक नगर पंचायत कार्यालय तक नाली निर्माण कार्य किया जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष प्रमोद जैन ने इंजीनियर एवं सीएमओ को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों की तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू करवाया जाए। इसके साथ ही जो कार्य अब तक अप्रारंभ हैं, उनके ठेकेदारों को निर्देशित कर अतिशीघ्र काम प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए।
शराब भट्टी और मर्चुरी का होगा स्थानांतरण, WTP के पास स्थापित होगा शिवलिंग और जनपद रोड में बनेगी चौपाटी
पेयजल परियोजना का जायजा लेने के बाद प्रशासनिक टीम ने नगर के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विस्तार हेतु विभिन्न स्थलों का सघन निरीक्षण किया। टीम ने ख खर्रा रोड स्थित कचरा डंपिंग यार्ड और उससे आगे सिंधी ईंट भट्टी के आसपास फैली शासकीय जमीनों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
नगर पंचायत की इस संयुक्त कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य नगर के बीचों-बीच स्थित शराब भट्टी और मर्चुरी को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त शासकीय भूमि पर स्थानांतरित करना है।
इसके साथ ही पर्यटन स्थल विकास की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए WTP के बगल में स्थित नदी के पास की जगह पर भगवान शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। वहीं, जनपद रोड में सामुदायिक भवन के पहले लकड़ीटाल वाली जगह में आकर्षक चौपाटी का निर्माण किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को मनोरंजन और खान-पान का नया केंद्र मिल सके।
पटवारी को दिए गए निर्देश एवं कृष्ण कुंज हैंडओवर पर चर्चा
स्थल निरीक्षण के दौरान हलका पटवारी को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए कि खर्रा रोड, रजिस्ट्री ऑफिस, मर्चुरी के आसपास की जमीन तथा बघमरा के आसपास की एवं नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत जितने भी सरकारी जमीन है उनका विस्तृत ब्योरा तैयार कर जिसमें नक्शा खसरा और सूची जल्द से जल्द तैयार कर नगर पंचायत को सौंपें।
इसके अलावा, तहसील ऑफिस के पीछे वन विभाग द्वारा बनाए गए 'कृष्ण कुंज' को नगर पंचायत को हैंडओवर करने के संबंध में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी चर्चा की गई, ताकि उसका सही रखरखाव और उपयोग नगर हित में किया जा सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन एवं CMO कोमल ठाकुर का वक्तव्य:
"नगर का सर्वांगीण विकास, स्वच्छता और नागरिकों को असुविधा से मुक्ति दिलाना हमारी पहली प्राथमिकता है। शराब भट्टी और मर्चुरी को स्थानांतरित करने से नगर का वातावरण सुधरेगा, वहीं WTP के पास शिवलिंग स्थापना व लकड़ीटाल में चौपाटी निर्माण से नगर को एक नई पहचान मिलेगी। सभी शासकीय जमीनों का ब्योरा मिलते ही विकास कार्यों का रोडमैप बनाकर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।"इस दौरान नगर पंचायत के विभिन्न विभागों के अधिकारी, तकनीकी अमला, राजस्व कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश
No Previous Comments found.