प्रधानमंत्री श्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन से विकसित होगा छत्तीसगढ़: श्री विश्व विजय सिंह तोमर
बालोद : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन बालोद के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन नगर के टाउन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में करीब एक हजार मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, युवा प्रतिभाओं, जनप्रतिनिधियों, विषय विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
युवाओं को कठिन परिश्रम, पारदर्शिता और सुशासन का संदेश
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं से कठिन परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्र सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिल रही है। युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अनियमितताओं पर कार्रवाई के साथ युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मेडिकल एवं तकनीकी शिक्षा की सीटों में वृद्धि से युवाओं के लिए नए अवसरों का विस्तार हुआ है।
युवाओं के सुझावों को नीति निर्माण से जोड़ने पर जोर
छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं से सीधे संवाद कर उनके विचार और सुझाव लिए गए। उन्होंने कहा कि युवाओं से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों का अध्ययन कर उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप योजनाओं और कार्यक्रमों को दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने खेलों में युवाओं के बढ़ते अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब खेलों को भी करियर के रूप में अपनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ खेल, नवाचार और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रस्तुत किया स्वागत भाषण
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने और ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय विजन से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से ‘युवा उड़ान 2026’ की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने युवाओं से कार्यक्रम को गंभीरता से सुनने और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से अपने सवालों के समाधान प्राप्त करने का आह्वान किया।
योजनाओं और करियर के साथ साइबर सुरक्षा पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं युवा-केंद्रित योजनाओं की जानकारी दी गई। विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’, केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां, करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसे विषयों पर परिचर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर प्राचार्य श्री याशर कुरैशी ने, विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत में युवाओं की भूमिका विषय पर डाॅ. तारेश रावटे और केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां विषय पर श्री यशवंत जैन ने अपना वक्तव्य देते हुए अनुभव भी साझा किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर चयन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया। पुलिस विभाग द्वारा साइबर सुरक्षा और वर्तमान साइबर चुनौतियों के प्रति युवाओं को जागरूक किया गया।
श्री यशवंत जैन ने युवा शक्ति और शासकीय योजनाओं की बताई भूमिका
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग सदस्य श्री यशवंत जैन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव और देश के विकास में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, स्वामी विवेकानंद और आदि शंकराचार्य जैसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के जीवन से सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल में संचालित किए गए जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, शिक्षा के अधिकार तथा कोरोना वैक्सिनेशन जैसे विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए इनके माध्यम से आम नागरिकों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी। साथ ही बालोद जिले के ऐसे युवाओं और अधिकारियों के उदाहरण साझा किए, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और लगन से विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल की है।
युवाओं के लिए खुले अवसरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, खेल, तकनीक, प्रतियोगी परीक्षाओं, नवाचार और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई। युवाओं से सकारात्मक एवं नवोन्मेषी सोच के साथ आगे बढ़ने तथा प्रदेश और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री तोमर ने युवाओं को नशामुक्त, जल संरक्षण एवं बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बासीन एवं डढारी के छात्र-छात्राओं के द्वारा फिट इंडिया म्यूजिकल योगाभ्यास किया गया। जिसमें युवाओं ने हैरतअंगेज योग का प्रदर्शन कर दर्शकों को दांतो तले उंगलिया दबाने पर मजबूर भी कर दिया। कार्यक्रम में जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शामिल हुए सभी युवाओं को उपहार स्वरूप सामग्री भेंट की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथिगण सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने टाउन हाल परिसर में लगाए गए ’माय भारत रजिस्ट्रेशन’, प्रधानमंत्री कौशल विकास, सायबर सुरक्षा, स्वास्थ्य जांच संबंधी स्टाॅल का अवलोकन कर युवाओं को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में राज्य एथेलेटिक संघ के उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, जनपद पंचायत गुण्डरदेही के सभापति श्री गुलशन साहू, पूर्व विधायक श्री वीरेंद्र साहू सहित पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर श्री आशीष पेंद्रो सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विषय विशेषज्ञ एवं गणमान्य नागरिक सर्वश्री पंकज चैधरी, अनूप देशमुख, रजत जैन, अभिनव यादव, टेशू देशमुख, संजय साहू, छबिलाल कोर्राम, कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.