गुंडरदेही में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न

बालोद : कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नोडल अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में विकासखंड गुंडरदेही में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर की विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का गरिमामय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी अंतर्निहित प्रतिभा को निखारने तथा रचनात्मक विचारों को मंच पर प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का बेहतरीन अवसर प्राप्त हुआ।
आयोजित प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने बड़े ही उत्साह एवं लगन के साथ सहभागिता की। चित्रकला प्रतियोगिता में जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगों और रेखाओं के सुंदर संयोजन से आकर्षक और विचारोत्तेजक कलाकृतियां प्रस्तुत कीं, वहीं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने ज्वलंत एवं समसामयिक विषयों पर आत्मविश्वास के साथ अपनी ओजस्वी वाणी में विचार रखे। निर्णायकों द्वारा परीक्षण उपरांत दोनों विधाओं में उत्कृष्ट स्थान अर्जित करने वाले चयनित प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम चंद्राकर तथा नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन सहित अन्य जनपद सदस्य एवं पार्षदगण उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने बच्चों की मौलिक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति की मुक्तकंठ से सराहना की। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसी पाठ्येतर और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव तैयार करती हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को निरंतर अभ्यास करने, अपनी नैसर्गिक प्रतिभा को तराशने और शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.