सेवा संकल्प अभियान
बालोद - राज्य में जनसेवा,सुशासन और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बस्तर संभाग से 27 सितम्बर को रवाना हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ की भव्य बाइक रैली जब जिले के प्रवेश द्वार ग्राम पुरूर पहुँची, तो बालोद जिले के ऊर्जावान युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ रैली का आत्मीय स्वागत किया।
जन-जन तक सेवा और सुशासन का संदेश पहुँचाने का संकल्प
जिले के युवा श्री हिमांशु साहू और श्री अनुप देशमुख ने बताया कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के प्रत्येक नागरिक तक सुशासन, सेवा और जनकल्याणकारी नीतियों का संदेश पहुँचाने का सशक्त जन-अभियान है। उन्होंने बताया कि बस्तर से प्रारंभ होकर राजधानी रायपुर की ओर अग्रसर इस यात्रा में बालोद जिले के 50 ऊर्जावान युवा अपनी बाइक के माध्यम से उत्साहपूर्वक शामिल हुए हैं। इस दौरान सभी युवाओं ने यातायात नियमों का पालन एवं सुरक्षा का ध्यान रखते हुए हेलमेट भी पहन रखा था।
वडनगर से बनारस जा रही राष्ट्रीय यात्रा से जुड़ेगी रैली
यह रैली रायपुर पहुँचकर गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के बनारस की ओर जा रही राष्ट्रीय सेवा संकल्प यात्रा में सम्मिलित होगी तथा उसका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन करेगी। यात्रा के दौरान युवा मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न ग्रामों एवं शहरों में आम नागरिकों को यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के ऐतिहासिक सेवा कार्यकाल, जनकल्याणकारी नीतियों और केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक कर रहे हैं।
राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के लिए युवाओं ने भरी हुंकार
पुरूर चैक पर युवाओं के गगनभेदी नारों और देशभक्ति के गीतों से समूचा वातावरण ऊर्जावान हो उठा। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने युवाओं के इस राष्ट्रप्रेमी एवं सेवाभावी प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.