सेवा संकल्प अभियान के तहत भर्रीटोला में लगा सेवा सेतु शिविर
मोहला : 17 सितंबर से आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित कर शुरू हुए “सेवा संकल्प अभियान” के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजनों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की दिशा में लगातार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड मानपुर के ग्राम भर्रीटोला में “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों की मांग, शिकायत एवं समस्याओं को सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों में संचालित शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने “सेवा संकल्प अभियान” के उद्देश्यों तथा विकसित भारत 2047 के विजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी मांगों, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को शिविर में उपस्थित अधिकारियों के समक्ष अधिकाधिक रखें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री भोजेश शाह मंडावी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद उपाध्यक्ष देवानंद कौशिक, सांसद प्रतिनिधि मदन साहू, जनपद सदस्य श्रीमती रेणु टांडिया, राजू पोटाई, रवींद्र मांझी एवं श्रीमती ब्रीज बती धुर्वे, एसडीएम मानपुर श्री डी.आर. ध्रुव, सीईओ जनपद पंचायत मानपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सरपंच-सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर का आयोजन कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के आदेशानुसार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंताओं के निर्देशन में किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
- हितग्राहियों को वितरित किए गए विभिन्न योजनाओं के लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से संबंधित लाभ एवं दस्तावेज प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन कार्यक्रम, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र, चाबी वितरण, पेंशन स्वीकृति आदेश एवं बैंक लिंकेज चेक सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई। वहीं खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा किसान समृद्धि योजना के पंजीयन प्रमाण पत्र, आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा अंतरजातीय प्रोत्साहन राशि, विद्युत विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना से संबंधित प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा डिजिटल किसान किताब तथा शिक्षा विभाग द्वारा छात्रवृत्ति आदेश हितग्राहियों को प्रदान किए गए।
- ‘नमो सेवा गाथा’ ने दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में “नमो सेवा गाथा” कला जत्था के कलाकारों द्वारा मंचीय कार्यक्रम के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी रोचक एवं मनोरंजक तरीके से उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम को ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक देखा और शासन की योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
रिपोर्टर : पुनेश्वर देवांगन

No Previous Comments found.