प्रधानमंत्री आवास योजना से कांति बाई साहू के पक्के घर का सपना हुआ साकार

मोहला : शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र परिवार तक विकास और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी दिशा में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना ने विकासखंड मानपुर के वनांचल ग्राम भर्रीटोला निवासी कांति बाई साहू के परिवार के जीवन में खुशियों की नई सौगात दी है।

कांति बाई साहू अपने परिवार के साथ भर्रीटोला में निवास करती हैं। उनका परिवार कुल 5 सदस्यों का है और परिवार की आजीविका मुख्य रूप से खेती-किसानी पर निर्भर है। मध्यमवर्गीय परिवार होने के कारण पक्के और सुविधायुक्त मकान का निर्माण परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण आवश्यकता थी।

 शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से कांति बाई साहू के परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सहायता मिली। योजना के लाभ से उनके परिवार का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ। आवास पूर्ण होने के बाद आज “सेवा संकल्प अभियान” अंतर्गत आयोजित “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” शिविर में कांति बाई साहू को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

आवास पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए कांति बाई साहू ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पक्का घर मिलने से परिवार को अब सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधा प्राप्त हुई है। विशेष रूप से परिवार के बच्चों एवं सदस्यों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिली है और घर को लेकर परिवार की चिंता कम हुई है। जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। 

कांति बाई साहू के लिए यह केवल एक आवास पूर्ण होने का प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी सुशासन नीति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

रिपोर्टर : पुनेश्वर देवांगन

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.