मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न

बालोद - कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी के निर्देशानुसार आज जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। विद्यालय एवं विकासखंड स्तर पर अव्वल रहे सभी विकासखंडों के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय स्पर्धा में पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मकता व अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

रंगों और ओजस्वी विचारों से मंच पर साकार हुआ ‘सपनों का भारत’

आज आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और रंगों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की अद्भुत कल्पना को कैनवास पर जीवंत रूप में उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपने ओजस्वी, तार्किक एवं विचारोत्तेजक उद्बोधन से उपस्थित निर्णायकों व दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल द्वारा विद्यार्थियों की मौलिक सोच, आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण शैली की मुक्तकंठ से सराहना की गई।

जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में होंगे शामिल

जिला स्तर पर आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। ये चयनित मेधावी विद्यार्थी राज्य स्तर पर बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

रचनात्मक सोच और बौद्धिक क्षमता को निखारने का सशक्त मंच

उल्लेखनीय है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक चिंतन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता का संचार करना है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत बालोद की अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिध श्री चेमन देशमुख, श्री राकेश छोटू यादव, जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विकासखंडों से आए मार्गदर्शक शिक्षक, निर्णायक गण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.