‘सेवा मेरा योगदान’ अंतर्गत एक दिवसीय योग, ध्यान सत्र व खेल गतिविधियों का भव्य आयोजन
बालोद : सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वस्थ जीवनशैली और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने हेतु ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आज जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में एक दिवसीय योग एवं ध्यान सत्र तथा खेल गतिविधियों का गरिमामयी आयोजन हुआ। सुबह के समय आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भगवान श्री धन्वन्तरि के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों सहित विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
कलेक्टर ने किया योग को दिनचर्या में अपनाने का आह्वान
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन साधने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वस्थ, तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन के लिए योग एवं प्राणायाम को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य अंग बनाएं।
प्रशिक्षकों ने कराया योगासान व प्राणायाम का अभ्यास
स्टेडियम परिसर में आयोजित सत्र के दौरान कुशल योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थित लगभग 500 प्रतिभागियों को विधिवत योगाभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को ताड़ासन, कटिचक्रासन, नौकासंचलन आसन, पश्चिमोत्तानासन, अर्ध हलासन, शलभासन, भुजंगासन, सर्पासन, मर्कटासन, सेतुबंधासन और शवासन का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही प्राणायाम सत्र में अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका, कपालभाति तथा ध्यान (मेडिटेशन) कराया गया, जिससे प्रतिभागियों ने मानसिक शांति और नई ऊर्जा का अनुभव किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं श्री नूतन कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
क्रमांक/848/चंद्रवंशी
रिपोर्टर : रमेश कुमार

No Previous Comments found.