सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्टेडियम में खेल गतिविधियों का आयोजन
बालोद : ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वस्थ जीवनशैली और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने हेतु ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आज जिला मुख्यालय स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में एक दिवसीय योग एवं ध्यान सत्र तथा खेल गतिविधियों का गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों सहित विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
बॉक्सिंग, ताइक्वांडो और रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता रहे आकर्षण का केन्द्र
कार्यक्रम में विभिन्न खेल गतिविधियों का रोमांचक आयोजन हुआ। इसमें युवा प्रतिभागियों ने बॉक्सिंग और ताइक्वांडो के मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा, फुर्ती और मार्शल आर्ट कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं उपस्थित महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों के बीच आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें सभी ने टीम भावना और खेल कौशल का परिचय दिया।
खेल प्रशिक्षकों का सम्मान एवं नशामुक्ति की शपथ
जिले में खेल प्रतिभाओं को तराशने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने समर्पित खेल प्रशिक्षकों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित एवं विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा दूसरों को भी नशामुक्त समाज निर्माण के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं श्री नूतन कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में युवा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
क्रमांक/849/चंद्रवंशी
रिपोर्टर : रमेश कुमार

No Previous Comments found.