महतारी वंदन योजना बनी ग्रामीण महिलाओं का संबल सिवनी की काजल अमादिया के खाते में आई 32वीं किस्त की राशि

बालोद : प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित ‘महतारी वंदन योजना’ ग्रामीण अंचलों में माताओं और बहनों के जीवन में खुशहाली का नया आधार बन रही है। योजना के तहत प्रतिमाह सीधे बैंक खाते में प्राप्त होने वाली वित्तीय सहायता से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भरता का अनुभव कर रही हैं, बल्कि अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और परिवार की छोटी-मोटी आवश्यकताओं को भी बिना किसी पर निर्भर हुए पूरा कर रही हैं। जिले के ग्राम सिवनी की श्रीमती काजल अमादिया इसका एक जीवंत और प्रेरक उदाहरण हैं।  

बच्चों की शिक्षा और घरेलू जरूरतों में मददगार बनी योजना की राशि

ग्राम सिवनी निवासी श्रीमती काजल अमादिया ने अपनी प्रसन्नता साझा करते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत उन्हें नियमित रूप से प्रतिमाह 01 हजार रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में मिल रही है। बैंक खाते में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त की राशि जमा होने का संदेश प्राप्त होते ही उनके चेहरे पर संतोष और मुस्कान आ गई। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के खर्चों, कॉपियों-पुस्तकों की व्यवस्था तथा घर-गृहस्थी की रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं को पूरा करने में करती हैं।  

मातृशक्ति में बढ़ा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता

श्रीमती काजल अमादिया ने बताया कि पूर्व में बच्चों की छोटी-मोटी जरूरतों  एवं घरेलु सामग्री के लिए आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब प्रतिमाह मिलने वाली निश्चित राशि से घर के बजट में बड़ा सहारा मिला है। बिना किसी रुकावट के समय पर खाते में राशि आने से परिवार में खुशहाली आई है और अपने पैरों पर खड़े होने का आत्मबल बढ़ा है।  

श्रीमती काजल अमादिया ने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी वास्तविक चिंताओं को समझने के लिए प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ’मुख्यमंत्री विष्णु भैया’ हम सभी महिलाओं का बहुत ख्याल रखते हैं। महतारी वंदन योजना हम जैसी लाखों बहनों के लिए एक सच्चा आर्थिक सहारा और उपहार है।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.