मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए बालोद जिले में विशेष अभियान शुरू
बालोद : भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार बालोद जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
’बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण’
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों-59 संजारी बालोद, 60 डौण्डीलोहारा (अ.ज.जा.) और 61 गुण्डरदेही के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है। बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। साथ ही, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरवाने और नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
’ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं आवेदन’
ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है। इसके अलावा, नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल ीजजचेरूध्ध्अवजमते.मबप.हवअ.पद पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए ईसीआई नेट मोबाइल ऐप का भी उपयोग किया जा सकता है।
’पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ लेने की अपील’
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आगे आएं। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.