द्विफसली योजना के अंतर्गत ग्राम नवागांव में कृषकों को किया गया सरसों बीज का वितरण
बालोद : जिले में किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने तथा रबी मौसम में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कृषि विभाग गुरूर विकासखण्ड द्वारा द्विफसली योजना के अंतर्गत ग्राम नवागांव में कृषक हितग्राही मूलक कार्यक्रम का आयोजन कर किसानों को उन्नत किस्म के सरसों बीज के मिनीकिट वितरित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य एकल फसल प्रणाली के स्थान पर किसानों को द्विफसली पद्धति अपनाने और तिलहन उत्पादन की ओर अग्रसर करना है।
उन्नत बीज से बढ़ेगा उत्पादन और आमदनी
कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कृषकों को उन्नत बीज के महत्व, खेत की तैयारी तथा बोआई की वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि द्विफसली योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण सरसों बीज की खेती करने से कम लागत और सीमित सिंचाई में भी बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। इससे न केवल किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी, बल्कि क्षेत्र में तिलहन फसलों का रकबा भी बढ़ेगा।
ग्राम नवागांव में आयोजित बीज वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने शासन की इस योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए समय पर उन्नत बीज प्राप्त होने पर हर्ष जताया। कृषि अमले ने कृषकों से संतुलित खाद प्रबंधन और आधुनिक कृषि विधियों को अपनाकर समृद्ध किसान बनने का आह्वान किया।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.