बस्तर ओलंपिक 2026 दंतेवाड़ा ब्लॉक में दो जोन स्तरों पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं, 3 नवंबर से होगा आगाज
दंतेवाड़ा : बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दंतेवाड़ा विकासखंड में जोन स्तर की खेल प्रतियोगिताएं दो अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा ब्लॉक का पहला जोन बालूद में तथा दूसरा जोन बड़े बचेली स्थित वी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। दोनों जोन स्तर की प्रतियोगिताएं संपन्न होने के बाद ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन दंतेवाड़ा में किया जाएगा।
3 नवंबर को सुबह 9 बजे से होगा आयोजन
बड़े बचेली के वी ग्राउंड में दिनांक 03 नवंबर 2026 को सुबह 9:00 बजे से खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए जनपद पंचायत विभाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री प्रांजल प्रजापति के मार्गदर्शन में सचिव, सरपंच एवं संबंधित पंचायतों के माध्यम से खेल मैदान की तैयारियां की जा रही हैं।
विभिन्न पंचायतों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
बस्तर ओलंपिक में विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें अलग-अलग ग्राम पंचायतों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
बस्तर ओलंपिक 2026 से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल भावना, आपसी भाईचारे और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें जोन स्तर की प्रतियोगिताओं और उसके बाद होने वाले ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों पर टिकी हैं।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.