टाउन हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव का हुआ गरिमामय आयोजन
बालोद - छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन बालोद एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से वर्ष 2026-27 के जिला स्तरीय युवा उत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखण्डों से आए प्रतिभागियों ने लोककला, संस्कृति और रचनात्मक विधाओं में अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।
दीप प्रज्वलन कर हुआ उत्सव का शुभारंभ
समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू तथा विशिष्ट अतिथि श्री सुरेश निर्मलकर द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू ने युवाओं के उत्साहवर्धन हेतु आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
युवा शक्ति विकसित राष्ट्र निर्माण का मुख्य आधार
समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने सफल प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति अपनी असीम ऊर्जा व प्रतिभा से राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाए। पूर्व विधायक श्री प्रीतम साहू ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति हमारी समृद्ध धरोहर हैं। प्रतिभागी अपनी-अपनी विधा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ’विकसित भारत’ और ’विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
सांस्कृतिक विधाओं में युवाओं ने दिखाया हुनर
कार्यक्रम में विकासखण्ड स्तर से चयनित प्रतिभागियों के मध्य लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा, कविता लेखन एवं चित्रकला सहित विभिन्न विधाओं की रोचक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निर्णायकों द्वारा दिए गए मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री राम कुमार सोनकर सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.