पेंडरवाणी में नवीन धान खरीदी केंद्र का विधायक संगीता सिन्हा ने किया उद्घाटन
गुरूर : आज पेंडरवाणी में नवीन धान खरीदी केंद्र के उद्घाटन समारोह में क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया तथा उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने किसानों को मिलने वाली आदान सहायता राशि में कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में समर्थन मूल्य के अतिरिक्त किसानों को प्रति क्विंटल 917 रुपये की आदान सहायता राशि दी जाती थी, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार में यह राशि घटाकर 659 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस कटौती का सीधा आर्थिक असर धान उत्पादक किसानों पर पड़ रहा है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान के हिसाब से किसानों को पूर्व व्यवस्था के अनुसार 19,257 रुपये की आदान सहायता राशि मिलनी चाहिए, जबकि वर्तमान दर के अनुसार केवल 13,839 रुपये ही मिल रहे हैं। इस प्रकार किसानों को प्रति एकड़ 5,418 रुपये कम मिल रहे हैं।
विधायक श्रीमती सिन्हा ने राज्य सरकार से मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आदान सहायता राशि में की गई कटौती पर पुनर्विचार किया जाए तथा पूर्व की तरह 917 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित आर्थिक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उन्हें खेती के लिए पर्याप्त प्रोत्साहन देना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों के हितों से जुड़े इन मुद्दों को वे लगातार उठाती रहेंगी।
रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक

No Previous Comments found.