मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं से युवाओं में जगी लोकतंत्र के प्रति जागरूकता

बालोद : लोकतंत्र को मजबूत बनाने और युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों तथा कॉलेजों में संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से 2 नवंबर से 20 नवंबर तक तीन स्तरों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रतियोगिताएं हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ’शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ’मतदान का महत्व’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इसी तरह प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे गए। जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची और अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।

जागरूक युवा, मजबूत लोकतंत्र का आधार

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देना और उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना है। निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और चुनाव की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया जा रहा है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री हरिवंश सिंह मिरी, अपर कलेक्टर श्री जीएल यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी और संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रमेश कुमार चेलक 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.